राजस्थान टूरिज्म ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस बार क्रिसमस से जुड़ी एक बेहद रोचक और अनोखी पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से राजस्थान के कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों को बर्फ की चादर से ढका हुआ दिखाया गया है। इस पहल ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है, जहां इसे इंटरनेशनल डेस्टिनेशन जैसा अहसास दिलाने वाला बताया जा रहा है। राजस्थान टूरिज्म ने स्पष्ट किया है कि यह पोस्ट केवल क्रिसमस के मौके पर एक रचनात्मक पहल है। इसका उद्देश्य पर्यटन स्थलों को एक नई दृष्टि से पेश करना है और लोगों को राजस्थान के प्रति आकर्षित करना है। राजस्थान टूरिज्म के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट करते हुए लिखा गया कि राजस्थान, जो अपने सुनहरे रेगिस्तानों और धूप में चमकती वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है, बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ एक अविश्वसनीय दृश्य प्रस्तुत करेगा। यदि राजस्थान में बर्फबारी हो, तो हवामहल, आमेर किला, कुंभलगढ़ किला और मेहरानगढ़ किले जैसे प्रसिद्ध स्मारक बर्फ से सजे हुए एक अद्भुत और जादुई विरोधाभास को दिखाएंगे। राजस्थानी वास्तुकला की भव्यता और सर्दियों के परीलोक का यह मेल मंत्रमुग्ध कर देने वाला होगा। बलुआ पत्थरों और संगमरमर के जीवंत रंग बर्फ की सफेदी के साथ सुंदर रूप से उभर कर आएंगे, जो एक अद्वितीय दृश्य प्रदान करेंगे। पोस्ट में राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों को दिखाया गया है, जिसमें हवामहल, आमेर फोर्ट, कुंभलगढ़ फोर्ट और मेहरानगढ़ फोर्ट की फोटोज शामिल है। हवामहल: जयपुर का प्रसिद्ध हवामहल बर्फ की परतों में ढका हुआ नजर आ रहा है। इसकी सुंदरता को और अधिक निखारते हुए इसे सर्दियों के एक अद्भुत दृश्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। आमेर फोर्ट: आमेर फोर्ट की तस्वीर में उसके आस-पास के इलाके को बर्फ से ढका हुआ दिखाया गया है। मावठा झील, जो आम तौर पर पानी से भरी होती है, उसे एआई ने बर्फीले परिदृश्य में बदल दिया है। कुंभलगढ़ फोर्ट: इस विश्व धरोहर स्थल को बर्फ की परतों में लपेटा गया दिखाया गया है, जिससे यह दृश्य किसी विदेशी पर्यटन स्थल जैसा प्रतीत हो रहा है। मेहरानगढ़ फोर्ट: जोधपुर का यह ऐतिहासिक किला बर्फ से ढका हुआ है और सर्दियों की एक अद्वितीय छवि प्रस्तुत करता है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर काफी लोगों का ध्यान खींचा है। लोगों की प्रतिक्रियाएं भी खासी चर्चा बटोर रही है। कई लोग इसे राजस्थान टूरिज्म की एक शानदार पहल मान रहे हैं। उनका कहना है कि यह एआई का रचनात्मक उपयोग है और इन तस्वीरों ने राजस्थान को एक नई पहचान दी है। वहीं कुछ लोग इस बात से असहमत हैं और उनका मानना है कि यह ऐतिहासिक स्थलों की वास्तविकता को बदलने की कोशिश है। उनका कहना है कि राजस्थान की असली खूबसूरती उसके मूल स्वरूप में है, जिसे किसी बदलाव की आवश्यकता नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी चिंता व्यक्त की है कि इस तरह की छवियां पर्यटकों को गुमराह कर सकती हैं, क्योंकि राजस्थान का असली मौसम और परिदृश्य इस प्रकार का नहीं है।


