करौली जिले के मासलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 माह से फरार चल रहे एक चोरी के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी के मामलों में लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। मासलपुर थाना पुलिस टीम ने बुधवार को फरार आरोपी योगेश उर्फ खतरा (24 वर्ष), निवासी जयसिंहकापुरा (हिंडौन सिटी) को कुम्हेपुर क्षेत्र के जंगलों से दबोचा। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से अपना ठिकाना बदलकर छिप रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाकर उसे पकड़ा। उस पर वर्ष 2024 में दर्ज चोरी के प्रकरण में बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों, कुलदीप (रूंधकापुरा) और आमेंद्र (कतन्यानकापुरा, अकबरपुर चांदनगांव) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी योगेश से चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों पर पूछताछ जारी है। गिरफ्तारी अभियान में मासलपुर थाना प्रभारी परमजीत सिंह, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल परमजीत सिंह, कॉन्स्टेबल राजेश, रविंद्र, देवकीनंदन और चालक सोनवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


