अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के खेरेश्वर चौराहे के पास रविवार को अज्ञात बाइक सवारों ने एक 9 साल की मासूम बच्ची को टक्कर मार दी। बच्ची अपनी सहेलियों के साथ रास्ता पार कर रही थी, इसी दौरान आरोपियों ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसा होने के बाद आरोपियों ने जब भीड़ जमा होते देखा तो बच्ची का इलाज कराने के बहाने उसे अपने साथ लेकर ल्हौसरा की ओर गए। फिर आरोपियों ने बच्ची को जंगल के पास रेलवे पटरी के किनारे फेंक दिया और उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंस दिया। जिससे वह किसी को मदद के लिए बुला न सके। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से कानपुर की रहने वाली है बच्ची पुलिस के अनुसार कानपुर नगर के थाना शिवराजपुर निवासी छोटू पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ अलीगढ़ में रहते हैं। वह खेरेश्वर मंदिर के पास झोपड़ी बनाकर रहते हैं और मेहनत मजदूरी करते हैं। उनकी 9 साल की बेटी बबली उर्फ बाबू को रविवार को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। बाबू पड़ोस के बच्चों के साथ खाने का सामान लेने के लिए घर से निकली थी। वह सड़क पार कर रही थी कि दूसरी ओर से तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार ने बच्ची को टक्कर मार दिया। तेज टक्कर के कारण बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके खून भी बहने लगा। आरोपियों ने भीड़ की पिटाई के डर से तत्काल बच्ची का इलाज कराने की बात कही और उसे लेकर वहां से रवाना हो गए। आसपास के लोगों ने सुनी बच्ची की आवाज आरोपी बच्ची का इलाज कराने के बहाने अपने साथ ले गए और फिर उसे आगे जाकर ल्हौसरा में रेलवे पटरी के पास फेंक दिया। वहीं बच्ची चिल्ला न सके, इसलिए उसके मुंह में रूमाल भी ठूंस दी। बच्ची रो रही थी और उसकी आवाज आसपास के लोगों ने सुनी। जब लोग रेलवे पटरी पर पहुंचे तो उन्होंने बच्ची को देखा, जिसके बाद तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर लोधा थाना क्षेत्र और रोरावर थाना क्षेत्र की फोर्स पहुंच गई और बच्ची को तत्काल मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके साथ ही बच्ची के परिवार को भी सूचना दी। सीसीटीवी तलाश रही है पुलिस हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। ऐसे में पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी देख रही है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। क्योंकि आरोपियों ने पहले बच्ची को टक्कर मारकर उसे घायल किया और फिर अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे मरने के लिए जंगल में छोड़कर भाग गए। रोरावर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्दी ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे।


