रामानुजनगर| विश्व मृदा दिवस के अवसर पर बुधवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल रामानुजनगर में मृदा स्वास्थ्य कार्ड विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और किसानों को मिट्टी नमूना एकत्र करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया, उपयोगिता और संरक्षण संबंधी जानकारी दी गई। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी प्रफुल्ल गुप्ता ने मिट्टी की संरचना, उत्पादकता, सूक्ष्म पोषक तत्वों की भूमिका और इनके फसल उत्पादन पर प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण से भूमि की वास्तविक पोषक स्थिति का पता चलता है, जिससे संतुलित उर्वरक प्रबंधन कर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है। उनकी प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थी उत्सुकता से सीखते नजर आए। मिट्टी नमूना लेने की विधि को प्रैक्टिकल रूप में ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर गरिमा गुप्ता और आरएईओ कामेश सिंह ने समझाया। साथ ही मिट्टी परीक्षण से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रिया और पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के चरणों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने मिट्टी परीक्षण उपकरणों को स्वयं चलाकर प्रक्रिया को समझा। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक गोपाल सिंह, इसरार हयात, निकिता केसरी सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा।


