मिड-डे मील में बच्चों को दाल-अचार परोसा…VIDEO:बलरामपुर स्कूल में मेनू चार्ट भी गायब, हेडमास्टर ने महिला समूह को जिम्मेदार ठहराया, SDM बोले- कराएंगे जांच

बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला कोदौरा में मध्याह्न भोजन योजना में बच्चों को पौष्टिक भोजन के बजाय सिर्फ मसूर की दाल और अचार परोसा जा रहा है। स्कूल में मेनू चार्ट भी नहीं लिखा है। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चों की थालियों से हरी और मौसमी सब्जियां गायब है। उन्हें केवल पतली मसूर दाल और अचार दिया जा रहा है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि स्कूल में बच्चों के लिए भोजन करने की समुचित व्यवस्था भी नहीं थी। बच्चे स्कूल परिसर, मैदान और धूल में बैठकर खाना खाने को मजबूर हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षकों ने इस अव्यवस्था के लिए संबंधित महिला समूह को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं एसडीएम ने मामले की जांच की बात कही है। हेडमास्टर ने महिला समूह को जिम्मेदार ठहराया इस मामले में स्कूल के हेडमास्टर ने बताया कि मिड डे मील में ये समस्या आ रही है कि महिला समूह की ओर से समय पर हरी सब्जी सप्लाई नहीं की जाती है। जिसकी वजह से बच्चों को आज अचार खिलाना पड़ा।
आज बच्चों को मसूर की दाल और अचार परोसा गया। हेडमास्टर ने कहा- स्कूल में कहीं भी मेनू चार्ट नहीं लगा है। हेडमास्टर ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए मध्याह्न भोजन को नहीं चखने की बात कही है। वहीं, शिक्षिका ने उपवास होने की बात कही। मेनू चार्ट को लेकर संकुल समन्वयक को नहीं मालूम स्कूल की निगरानी के लिए जिम्मेदार संकुल समन्वयक महेंद्र पैकरा को भी मेनू चार्ट और किस दिन क्या भोजन बनना है, इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने माना कि यहां पर मिड डे मील में बच्चों को मसूर दाल और अचार ही परोसा जाता है। बीच में कभी-कभी सब्जी दी जाती है। दोषियों पर करेंगे कार्रवाई राजपुर एसडीएम देवेन्द्र प्रधान ने कहा, ग्राम कोदौरा का वीडियो के माध्यम से ये घटना सामने आई है। इसकी जांच की जाएगी और कोई दोषी पाया जाता है तो उनपर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *