मुंगेली का कुआंगांव ग्राम पंचायत बना घुमंतु पशु मुक्त:मवेशियों को मिला सुरक्षित आश्रय, दुर्घटनाएं होंगी कम

मुंगेली जिले की कुआंगांव ग्राम पंचायत कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में “घुमंतु पशु मुक्त ग्राम पंचायत” बन गई है। जिला प्रशासन के “गौ सेवा संकल्प अभियान” से प्रेरित होकर, ग्राम सुरक्षा गौ सेवा संरक्षण समिति का गठन किया गया है। इस पहल के तहत, गांव के लगभग 150 घुमंतु पशुओं को गोठान में सुरक्षित आश्रय देकर उनका संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह गोठान लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में फैला है और इसे कंटीले तारों से सुरक्षित किया गया है। पशुओं के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के लिए पैरादान की व्यवस्था है। स्वच्छ पेयजल के लिए डबरी और बोरवेल की सुविधा भी मौजूद है, साथ ही गर्मी से बचाव के लिए छायादार वृक्ष लगाए गए हैं। इस पहल से फसल और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या घटेगी उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें, मुंगेली के डॉ. आर. एस. त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से गांव की सड़कों पर घूमने वाले घुमंतु पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिला है। इससे फसलों को होने वाला नुकसान लगभग समाप्त हो जाएगा और सड़क दुर्घटनाओं में पशुओं व जनहानि में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। समिति के अध्यक्ष नीलकंठ कश्यप ने जानकारी दी कि समिति के पंजीकरण के बाद, कुआँगांव गोठान को गोधन योजना के अंतर्गत पंजीकृत किया जाएगा। इसके उपरांत छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग को अनुदान के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *