मुंगेली में जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या:लाठी-डंडों से हमला कर मार डाला, पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया

मुंगेली जिले के लोरमी में जमीन विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। आरोप है कि बुजुर्ग के भाई, भतीजे और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बांधा गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बांधा गांव निवासी रामकुमार कश्यप का अपने भाई अयोध्या कश्यप के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आज अयोध्या कश्यप ने अपने बेटे और कुछ अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर रामकुमार कश्यप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। यह हमला रामकुमार के घर के पास ही हुआ। हमले में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे की सूचना पर लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। लोरमी के एसडीओपी हरविंदर सिंह ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *