सिटी रिपोर्टर | रांची पिठौरिया स्थित ऐतिहासिक मुंडहर पहाड़ पर गुरुवार को 15वां खूंटकटी मुंडा समाज धर्म सभा सह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें झारखंड समेत प. बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा व असम से मुंडा समाज के प्रतिनििध शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों व धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक एकता की अनूठी झलक दिखी। इसकी शुरुआत अरविंद पाहन के पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान 101 पाहनों ने सामूहिक रूप से पूजा कर समाज की सुख-समृद्धि व एकजुटता की कामना की। मुख्य अतिथि के रूप में कांके विधायक सुरेश बैठा शामिल हुए। उन्होंने मुंडा समाज की परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने पर बल दिया। सुतियाम्बे के मुख्य गेट के सामने एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक महत्व को नई पहचान मिलेगी। कहा कि आधुनिक दौर में भी आदिवासी समाज अपनी जड़ों और संस्कृति से मजबूती से जुड़ा हुआ है। मौके पर अध्यक्ष शैलेन्द्र पाहन, कार्यकारिणी अध्यक्ष मनीष मुंडा, सचिव बसंत पाहन, देवेंद्र पाहन, फूल कुमार मुंडा, दरिद्र पाहन समेत समाज के वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।


