जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आ रही है, हवाई यात्रा का किराया तेजी से बढ़ गया है। खासतौर पर हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु और मुंबई जैसे स्थानों से वापसी का हवाई किराया ज्यादा लग रहा है। यदि तारीख के हिसाब से देखें तो, 10 से 20 अक्टूबर के बीच विभिन्न शहरों से भोपाल आने हवाई किराए में भारी इजाफा देखने को मिल रहा है। इंडिगो और ट्रेवल एजेंट्स से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, आम दिनों की तुलना में अब टिकट के दाम 50% से ज्यादा तक बढ़ गए हैं। साथ ही ट्रेनों में भी लगातार वेटिंग की स्थिति बनती जा रही है। मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे जैसे प्रमुख शहरों की फ्लाइट्स में सबसे ज्यादा उछाल आया है। खास बात यह है कि आने वाली फ्लाइट्स, यानी दिल्ली से भोपाल, मुंबई से भोपाल, हैदराबाद से भोपाल जैसी उड़ानों के टिकट की दरें और भी अधिक हैं। यह दिखाता है कि दीपावली मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग भोपाल लौट रहे हैं। एविएशन विशेषज्ञ कैप्टन एसआर मीणा का कहना है कि जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आता है, मांग के अनुसार हवाई किराए में बढ़ोत्तरी होती चली जाती है। बढ़ गई ट्रेनों में वेटिंग… रेल यात्रा की बात करें तो दीपावली के पहले ही यानी 10 अक्टूबर से ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है। उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनें जैसे कि गोरखपुर, पटना और वाराणसी की ओर जाने वाली गाड़ियों में स्लीपर श्रेणी में औसतन 150 से 200 नंबर तक वेटिंग है। एसी 3 टियर में 40 से 65 वेटिंग चल रही है। यह स्थिति साफतौर पर बताती है कि इन रूट्स पर यात्रियों का भारी दबाव है।


