मुक्तसर साहिब में पिता ने बेटी की हत्या की:बेटी को आगे पढ़ाने के खिलाफ था, ग्रामीण बोले-समझदार लड़की थी

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के गांव मिड्ढा में रविवार सुबह मानसिक रूप से परेशान एक पिता ने अपनी ही 18 साल बेटी की कस्सी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना कबरवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान चमनप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो मोहाली में रहकर बीकॉम की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता हरपाल सिंह अपनी बेटी को आगे पढ़ाने के खिलाफ था। वह पुराने विचारों का था और उसे आशंका रहती थी कि बाहर रहकर पढ़ाई करने से उसकी बेटी बिगड़ सकती है। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और कलह होती रहती थी। परिजन और ग्रामीण बोले- चमनप्रीत कौर समझदार लड़की थी परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, चमनप्रीत कौर पढ़ाई में काफी होशियार और समझदार लड़की थी। उसकी मां बेटी को उच्च शिक्षा दिलाना चाहती थी और हर कदम पर उसका साथ देती थी। पढ़ाई के साथ-साथ चमनप्रीत खेलों में भी सक्रिय थी और वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीत चुकी थी। रविवार सुबह किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान हरपाल सिंह ने गुस्से में आकर कस्सी से बेटी पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं। आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है पुलिस घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी लंबी हरबंस सिंह और थाना कबरवाला की प्रभारी हरप्रीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की मां के बयान के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। कबरवाला थाने की एसएचओ हरप्रीत कौर ने मीडिया को बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पिता हरपाल सिंह नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी आगे पढ़ाई करे, इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मलोट के सिविल अस्पताल भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *