कलेक्टर प्रवीण सिंह ने मंगलवार को सीहोर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत कुलास खुर्द, ग्राम पंचायत पाटनी और ग्राम पंचायत मोगरा फूल में आयोजित मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में लगातार अनुपस्थित रहने पर सीहोर जनपद के एडीईओ जन्मेजय सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर कांति भार्गव व नाहिद जहान के शिविर में अनुपस्थित रहने पर उनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर सिंह ने शिविरों के निरीक्षण के दौरान सख्त हिदायत देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी समय पर शिविर में पहुंचे और पूरे समय शिविर में उपस्थित रहें। यह अभियान अत्यधिक महत्वपूर्ण है। आमजन की समस्याओं का तत्काल निराकरण और सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाना है। शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित निराकरण किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे। बता दें कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अन्तर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार की चिह्नित 63 सेवाओं एवं 45 हितग्राही मूलक योजनाओं के शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जा रहा है।


