मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लॉन्च की 3 पॉलिसी:बोले- 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक ले जाना हमारा लक्ष्य

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1.0 कार्यक्रम में तीन पॉलिसी लॉन्च की। इनमें राजस्थान लॉजिस्टिक पॉलिसी-2025, राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी-2025 और राजस्थान टैक्सटाइल्स एंड अपेरल पॉलिसी-2025 शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- ये नीतियां उद्योगों के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार करेंगी और राजस्थान को निवेश का सबसे पसंदीदा स्थान बनाएंगी। हमने निवेशकों के लिए पहले भी कई पॉलिसी लॉन्च की हैं। उन्होंने कहा- हमारा लक्ष्य है कि हम वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक ले जाएं। हम हर लक्ष्य की प्राप्ति करेंगे, क्योंकि हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। निवेशक इंटरफेस के लिए लॉन्च किया मोबाइल ऐप
सीएम ने कहा- आज हमने निवेशक इंटरफेस के लिए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। इस मोबाइल ऐप से निवेशक अपने एमओयू की प्रगति भी देख सकेंगे। वहीं अगर कोई समस्या होगी तो वो भी इस मोबाइल ऐप के जरिए बता सकेंगे। सीएम ने कहा- हमने भू आंवटन के लिए लैंड पॉलिसी शुरू की है। अभी तक जिन निवेशकों ने 15 मार्च तक एमओयू किए है। वे पोर्टल के जरिए भूमि आवंटन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। मैं घोषणा करता हूं कि जो निवेशक 30 अप्रैल तक एमओयू करेंगे। वे भी 15 मई तक इस पोर्टल के जरिए भूमि आवंटन के लिए अप्लाई कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बनेगा विकसित भारत-विकसित राजस्थान
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत-2047’ का जो विजन रखा है, वह केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारी आत्मनिर्भरता, समृद्धि और वैश्विक नेतृत्व के प्रति दृढ़ संकल्प है। इसी विजन को आधार बनाकर हम राजस्थान में ‘विकसित राजस्थान-2047’ का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा- यह केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए समृद्धि और हमारे उद्यमियों के लिए अवसरों का एक नया युग साबित होगा। राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा- सरकार 18 नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने जा रही है। इन नए औद्योगिक क्षेत्रों को अलग-अलग सेक्टर्स की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किया गया है, ताकि हमारा प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग का पावर हाउस बन सके। साथ ही, यहां सौर एवं पवन ऊर्जा की प्रचुरता ने भी पूरी दुनिया के निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजस्थान फाउंडेशन के गुवाहाटी, भुवनेश्वर, रांची, पुणे, दिल्ली, दुबई, म्यूनिख, रियाद, टोक्यो, सिंगापुर, मेलबर्न, नैरोबी, कम्पाला और दोहा में 14 नए चैप्टर्स खोलने की घोषणा की। राज्यवर्धन बोले- अब चौके-छक्के लगाने का समय
उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा-राइजिंग राजस्थान समिट के बाद कई लोगों ने मुझसे कहा कि समिट तो हो गई। सबसे बड़ा काम तो खत्म हो गया। अब उद्योग में और क्या बचा है। यह पुरानी सोच से ग्रसित लोग हैं क्योंकि काम तो अभी शुरू हुआ है। उन्होंने क्रिकेट की भाषा में कहा- बॉल नई थी, पिच नई थी, हमारी टीम के कप्तान और प्रमुख बल्लेबाज भजनलाल जी ने देखकर बॉल को खेला, जिससे हम यहां तक पहुंचे। अब चौके और छक्के लगाने वाला समय आया है। आपके एमओयू तो धरातल पर उतरेंगे ही, क्योंकि इसमें राजस्थान का ही हित है। सरकार का दावा-10 प्रतिशत एमओयू धरातल पर उतरे
भजनलाल सरकार ने अपने शासन के पहले साल में 9, 10 और 11 दिसंबर 2024 को राइजिंग राजस्थान समिट का आयोजन किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस समिट का उद्घाटन किया था। समिट में करीब 35 लाख करोड़ के एमओयू प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। करीब 3 महीने बाद राज्य सरकार ने 3 लाख करोड़ के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग की। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- हमने 10 प्रतिशत एमओयू को धरातल पर उतार दिया है। आगे भी इसी तरह एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी। राइजिंग राजस्थान इम्पैक्ट 1.0 कार्यक्रम में राइजिंग राजस्थान पार्टनरशिप कॉन्क्लेव के आयोजन की भी घोषणा हुई। कॉन्क्लेव का आयोजन 11 और 12 दिसंबर को जयपुर में होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *