धौलपुर के मरैना मंडल में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 19 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के धौलपुर दौरे की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। बाबा प्रीतम गिर पहाड़ी परिसर में आयोजित इस बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत और जिला संगठन प्रभारी रवि नौयर मुख्य मेहमान के रूप में मौजूद रहे। राजाखेड़ा विधानसभा से प्रत्याशी नीरजा शर्मा भी विशिष्ट मेहमान के तौर पर मौजूद थीं। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री रविंद्र सिंह हथवारी ने किया। मुख्यमंत्री के स्वागत, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो कार्यकर्ताओं को नेता बनाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के विधायक नितिन नवीन के उदाहरण दिए, जिन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। राजावत ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने राजस्थान में दो साल में बेमिसाल काम किए हैं और सभी कार्यकर्ताओं से 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए धौलपुर पहुंचने का आह्वान किया। धौलपुर संगठन जिला प्रभारी रवि नौयर ने जयपुर से आने की बात कहते हुए सभी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री की सभा में शामिल होने के लिए पीले चावल देकर आमंत्रित किया। उन्होंने 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं से उपस्थित रहने का आग्रह किया। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पाराशर, जिला महामंत्री मदन कोली, लक्ष्मण सिंह तोमर और पूर्व जिला उपाध्यक्ष जयवीर सिंह पोसवाल सहित बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।


