मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के 6 जनवरी को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। आर्मी ग्राउंड, खोजाटोली, नामकुम में जिला प्रशासन ने वृहत कार्यक्रम का आयोजन किया है। इसमें राज्यभर से लाखों महिलाएं शामिल होंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लाभुकों के खाते में 2500-2500 रुपए भेजेंगे। कई लाभुकों के खाते में योजना अंतर्गत बढ़ी हुई सम्मान राशि भेजी जा चुकी है। बचे हुए सभी लाभुकों के खाते में 6 जनवरी को डीबीटी के माध्यम से सम्मान राशि ट्रांसफर की जाएगी। समारोह में पूरे राज्य से तीन से चार लाख महिलाएं शामिल होंगी। दूसरे जिलों से आने वाले लाभुकों के आवागमन, अल्पाहार, वाहनों की पार्किंग आदि की व्यवस्था के लिए की जा रही तैयारियों पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा नजर रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिया है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाओं को किसी तरह की परेशानी ना हो। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री लगातार कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं । आयोजन स्थल पर की गई तैयारी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। लोक कलाकार देंगे प्रस्तुति समारोह में लोक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। एक ओर जहां आधुनिक नागपुरी गायक पवन राय, कुडुख गायक सुरेंद्र कुजूर और सादरी गायक इग्नेश कुमार अपनी गायकी का प्रदर्शन करेंगे तो वहीं दूसरी ओर झारखंड के पारंपरिक नृत्यों जैसे पाइका, छऊ नृत्य आदि का भी कलाकारों द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।


