मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सियोल में दक्षिण कोरिया के कोरिया इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन (KITA) के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान निवेश, तकनीकी सहयोग और स्किलिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने पर चर्चा हुई। साय ने कहा कि दक्षिण कोरिया के साथ संबंध केवल व्यापारिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक भी हैं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024–30 और प्राकृतिक संसाधनों की ताकत को रेखांकित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि KITA के साथ यह सहयोग छत्तीसगढ़ को वैश्विक औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के हजारों अवसर सृजित होंगे। स्थानीय उद्योगों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी तथा कोरियाई कंपनियों के साथ जुड़कर प्रदेश की मानव संसाधन क्षमता वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी। साय ने कहा कि यह साझेदारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता और वैश्विक साझेदारी का आदर्श उदाहरण बनेगा।


