मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचीशुद्धिकरण पर दिए निर्देश:वर्चुअल बैठक में सलूंबर के चार सुपरवाइजर सम्मानित

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला-वार वर्चुअल समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, पात्र मतदाताओं के पंजीकरण तथा मृत एवं दोहरे नामों को हटाने सहित विभिन्न प्रगति बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी महाजन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति सूची से छूटने न पाए। उन्होंने मृत, दोहरे एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने पर भी विशेष जोर दिया। महाजन ने दूरस्थ क्षेत्रों में मैपिंग टीम को मजबूत करने तथा क्षेत्रीय अधिकारियों को अपनी टीम के साथ जमीनी स्तर पर प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उन जिलों से भी संवाद किया जहाँ गणना प्रपत्र ‘अनकलेक्टेबल’ की स्थिति अधिक पाई गई और संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में गति लाने को कहा। बैठक के दौरान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली, चुनौतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों की सराहना की। बेहतर मैपिंग कार्य के लिए कई विधानसभाओं के सुपरवाइजरों को सम्मानित भी किया गया। सलूंबर विधानसभा क्षेत्र से चार सुपरवाइजरों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान प्रदान किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश रॉय सापेला ने सभी सुपरवाइजरों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अग्रिम बधाई दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दोहराया कि निर्धारित समय सीमा में सभी लक्ष्यों की पूर्ति, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने इस अभियान को लोकतंत्र की नींव मजबूत करने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया, जिसे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ सफल बनाना सभी का दायित्व है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *