मुजफ्फरनगर में एसएसपी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन ‘लगड़े’ के तहत पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गढ़ी सखावतपुर में चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश विकास उर्फ चवन्नी के पैर में गोली लग गई। जबकि उसका साथी अर्जुन गन्ने के खेत में छिप गया। पुलिस ने घायल बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया। कांबिंग अभियान चलाकर उसके साथी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मेरठ के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ 35-40 मुकदमा दर्ज हैं। बदमाशों के पास से चोरी की बाइक, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों शातिर ट्रांसफॉर्मर चोर हैं। घायल विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अर्जुन से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इनसे अन्य वारदातों का भी खुलासा होगा। ऑपरेशन ‘लगड़े’ के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई जारी है।


