अतिरिक्त यात्री भार और सुविधाजनक यात्रा प्रबंध को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने मुम्बई सेंट्रल-भगत की कोठी-मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जोधपुर मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ तकनीशियन किशनाराम गुर्जर को ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया। मुम्बई सेंट्रल-भगत की कोठी स्पेशल का विस्तार मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 09083/09084 मुम्बई सेंट्रल-भगत की कोठी-मुम्बई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल रेल की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है। मुम्बई सेंट्रल से यह स्पेशल ट्रेन 07 जनवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक कुल 8 ट्रिप के लिए चलेगी, जबकि भगत की कोठी से इसका संचालन 09 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक 8 ट्रिप के रूप में किया जाएगा। संचालन समय और सभी ठहराव पूर्ववत रहेंगे, यानी पहले से तय टाइम टेबल और स्टेशन स्टॉप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। डेगाना-रतनगढ़ खंड में उत्कृष्ट सेवा पर गुर्जर का सम्मान उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं देने पर सुजानगढ़ रेलवे स्टेशन पर कार्यरत वरिष्ठ तकनीशियन किशना राम गुर्जर को ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ-अक्टूबर’ सम्मान दिया गया। अक्टूबर माह के दौरान डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड में उत्पन्न विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण में गुर्जर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन में सहायता मिली। रेल अधिकारियों के अनुसार, महाप्रबंधक अमिताभ के निरीक्षण के दौरान भी किशना राम गुर्जर ने अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाई। उनकी इसी जिम्मेदाराना कार्यशैली और अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की ओर से उन्हें ‘एम्प्लॉय ऑफ द मंथ-अक्टूबर’ पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में मौजूद रहे अधिकारी सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) महेंद्र कुमार मीणा भी मौजूद रहे। उनके साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने भी किशनाराम गुर्जर के कार्यों की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


