मैं हॉस्पिटल में हूं। मुझे अभी भी खुद के जिंदा होने पर यकीन नहीं। मैं कार की टक्कर के बाद हवा में उछल गई। फिर धड़ाम से कार के बोनट पर गिरी। मेरे पैर आगे फंसे थे। इसके बाद भी उन लड़कों ने कार नहीं रोकी। मैं चीखती रही, लेकिन लड़कों ने कार नहीं रोकी…। करीब 500 मीटर तक मुझे बोनट पर फंसे फंसे घसीटा। हर पल मौत नजर आ रही थी। मैं किसी तरह बोनट को कसकर पकड़ने की कोशिश कर रही थी। डर था कि अगर बोनट से छूटी तो सीधे नीचे गिरकर कार से कुचली जाऊंगी। ये जीवनभर डराने वाला अनुभव है। ये दर्द है मुरादाबाद में 12वीं की उन 6 छात्राओं में शामिल सानवी भंडूला का, जिन्हें रईसजादों ने कार से कुचला। हॉस्पिटल के बेड पर लेटे-लेटे वह सिहर उठती है। कहती हैं- पता नहीं कैसे बच गई हूं। मेरी 2 सहेलियां अभी ICU में हैं। पता नहीं वो कैसी होंगी। मुरादाबाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 2 फरार है। अस्पताल में भर्ती छात्राओं की स्थिति कैसी है? परिजनों की शिकायत में क्या है? आरोपी क्या करते हैं, उनका फैमिली बैकग्राउंड। ये जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने घायल छात्राओं से बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पहले एक नजर में मामला… सिविल लाइंस में रामगंगा विहार हाईस्ट्रीट एरिया में आनंदम कालोनी के सामने शुक्रवार को बलेनो सवार 5 लड़कों ने 6 स्कूली छात्राओं को कुचल दिया। कार की स्पीड 100 से भी ज्यादा थी। CCTV में दिख रहा है कि हादसे में छात्राएं कई मीटर तक हवा में उछलकर सड़क पर गिरीं। इनमें से एक बोनट पर काफी दूर तक घिसटती गई। राहगीरों ने कार को दौड़कर रोका। तभी 4 युवक कार से उतरकर भाग गए। कार चला रहे युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एक आरोपी के पिता बड़े कपड़ा कारोबारी हैं। सभी 6 छात्राएं घायल हैं। इनमें से 5 को शहर के हरिद्वार हाईवे स्थित विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 छात्राएं सीरियस हेड इंजरी की वजह से ICU में एडमिट हैं। पुलिस ने मामले में कार सवार 5 युवकों के खिलाफ छेड़खानी और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। 3 युवक पुलिस की हिरासत में हैं। जिन्हें शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के नए सीसीटीवी भी सामने आए… अब पढ़िए वो मंजर जो छात्रा ने बताया… सानवी भंडूला ने बताया- मैं शिरडी साईं स्कूल की 12वीं की छात्रा हूं। शहर के पॉश एरिया वेव ग्रीन्स में रहती हूं। स्कूल के लास्ट डे पर स्टूडेंट्स स्क्रिबल डे मनाते हैं। मैं और मेरी सहेलियों ने भी तय किया कि स्क्रिबल डे मनाएंगे। स्कूल में तो टीचर्स टोकाटाकी करते हैं। इसलिए हम अपने पेरेंट्स से परमिशन लेकर हाई स्ट्रीट पहुंचे थे। हमारे पास अपनी कार और ड्राइवर भी था। कार पार्क करके हम हाई स्ट्रीट के पास ही वॉक कर रहे थे। सोचा था यहीं फूड कोर्ट पर दोस्तों के साथ खाएंगे-पिएंगे और मस्ती करके इस दिन को यादगार बनाएंगे। हम 6 सहेलियां थीं। हमारे साथ हमारी ही क्लास के 4 लड़के भी थे। फूड कोर्ट पर कुछ खाने-पीने के बाद हम लोग स्केच से एक दूसरी की यूनिफॉर्म पर मेमोरीज लिख रहे थे। टहलते हुए हम हाई स्ट्रीट के आगे गोल्डन गेट तक चले गए। वहां गोल चक्कर पर कुछ लड़के कार में थे। हमें उनकी हरकतें असहज लगी, तो हम वहां से पैदल ही हाई स्ट्रीट की ओर चले। हम सभी सड़क में एक किनारे चल रहे थे। तभी वो लड़के बेहद तेज स्पीड से कार लेकर आए और हमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हम सभी सहेलियां हवा में कई मीटर तक उछलकर दूर जाकर गिरे। किसी का सिर जमीन पर लगा तो कोई दूर तक कार से घिसटती चली गई। मैं कार के बोनट पर फंसी थी, वो मुझे घसीटते ले गए। पिता बोले- छेड़छाड़ का विरोध करने पर चढ़ाई कार घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा पर्ल टंडन के पिता विनीत मोहन टंडन ने सिविल लाइंस थाने में 5 कार सवार लड़कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि मेरी बेटी और उसकी सहेलियां हाई स्ट्रीट के पास थीं। तभी कार सवार आरोपियों ने उनके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर जान से मारने की मंशा से सभी पर कार चढ़ा दी। पिता ने शगुन (19 साल) पुत्र दौलत सिंह निवासी नवीन नगर, लक्ष्य (18 साल) पुत्र सचिन परेजा निवासी नवीन नगर साईं मंदिर के पास, उदय (18 साल) पुत्र विमल कुमार शर्मा निवासी नवीन नगर, मुरादाबाद, दिव्यांशु (18 साल) और यश सिरोही (18 साल) को नामजद किया है। इनमें से लक्ष्य परेजा के पिता कपड़े के थोक कारोबारी हैं। गंज बाजार में उनकी कपड़े की रिटेल दुकान भी है। उदय के पिता सिंचाई विभाग में अवर अभियंता हैं। शगुन के पिता एक एक्सपोर्ट फैक्ट्री में मैनेजर हैं। बाकी दो आरोपी भी रसूखदार परिवारों से बताए जा रहे हैं। छात्राओं के बयान के बाद पॉक्सो एक्ट बढ़ा, 3 गिरफ्तार, 2 की तलाश
घटना के बाद भीड़ ने दौड़ाकर कार को पकड़ा। कार चला रहे शगुन को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके चार दोस्त कार से उतरकर भाग गए थे। पकड़े जाने के बाद शगुन ने ही पुलिस को कार सवार अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार रात को ही लक्ष्य परेजा और उदय को भी हिरासत में ले लिया। शनिवार को विवेचक ने अस्पताल जाकर घायल छात्राओं के बयान दर्ज किए। बयान में छात्राओं ने आरोपियों द्वारा पीछा करने, छेड़खानी करने और विरोध करने पर कार चढ़ाने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की भी धारा बढ़ा दी। क्योंकि घायल 6 में से 2 छात्राएं नाबालिग हैं। धाराएं बढ़ाने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों शगुन सिंह, लक्ष्य परेजा और उदय कौशिक को अरेस्ट कर लिया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश करेगी। जबकि इनके बाकी दो साथी यश सिरोही और दिव्यांशु अभी पुलिस पकड़ से दूर हैं। घटना में इस्तेमाल कार संभल के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। बताया जा रहा है कि इस कार को दिव्यांशु लेकर आया था। अब पढ़िए आरोपियों की प्रोफाइल कल हुई घटना की 3 तस्वीरें… पर्ल की नाक और हिप बोन टूटीं, इशिका की हालत नाजुक
रईसजादों ने शिरडी साईं पब्लिक स्कूल की जिन छात्राओं को कुचला उनमें से पर्ल टंडन की नाक और हिप बोन में कई फ्रैक्चर हैं। पर्ल की नाक की हडि्डयां बुरी तरह टूट चुकी हैं। जबकि इशिका के सिर में गंभीर चोटों की वजह से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इन दोनों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। इशिका मानसरोवर और पर्ल टीडीआई सिटी की रहने वाली हैं। पर्ल के पिता विनीत मोहन टंडन बिजनेसमैन हैं। घटना में ये छात्राएं घायल FIR लिखाने वाले छात्रा के पिता को धमकियां
घटना की एफआईआर दर्ज कराने वाले छात्रा के पिता को धमकियां दी जा रही हैं। छात्रा के पिता को धमकाया गया है कि वो एफआईआर वापस ले, वरना ठीक नहीं होगी। इस मामले में छात्रा के पिता ने मीडिया को बहुत कुछ बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल अपनी बेटी की जान बचाना है। उन्होंने फोन पर धमकी मिलने की पुष्टि की है। धमकी देने वाला शहर का एक कारोबारी बताया जा रहा है। 12 फरवरी से छात्राओं की परीक्षा, चिंता में डूबे परिजन
घटना में घायल हुई सभी 6 लड़कियां 12वीं की छात्राएं हैं। 12 फरवरी से इन सभी के एग्जाम हैं। घायल होले वाली 6 छात्राओं में से 5 हॉस्पिटल में एडमिट हैं। इनमें से भी 2 ICU में सीरियस हालत में हैं। परिजनों को बेटियों की सेहत के साथ-साथ उनका साल बर्बाद होने की चिंता भी सता रही है। ————————————- अब पढ़िए हादसा की खबर मुरादाबाद में रईसजादों ने कार से 6 छात्राओं को रौंदा:एक बोनट में फंसी, गाड़ी कुचलती चली गई; पिता बोले- ये हत्या की कोशिश उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार तेज रफ्तार कार ने 12वीं की 6 छात्राओं को रौंद दिया। हादसे में छात्राएं उछलकर कई मीटर दूर गिरीं। एक छात्रा कार के बोनट में फंस गई। गाड़ी ने उसे कुचल दिया। हादसे के वक्त कार 100 की स्पीड में थी…(पढ़ें पूरी खबर)


