मुरैना जिले की जौरा पुलिस ने यात्री बसों से बैग चोरी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने 4 दिसंबर को सबलगढ़ से जौरा आ रही बस से एक यात्री का बैग चोरी कर लिया था। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर चोरी किए गए 4 लाख 50 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और बैग बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है। बीती 4 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे जौरा के सकतपुर निवासी विमल कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वे सबलगढ़ से यात्री बस द्वारा जौरा आ रहे थे। तभी पास में बैठी एक अज्ञात महिला उनका बैग चोरी कर रास्ते में उतर गई। जब विमल जौरा में बस से उतरने लगे, तो देखा कि बैग गायब था। फरियादी के अनुसार, बैग में घर के सोने-चांदी के जेवर रखे हुए थे। CCTV और ई-रिक्शा से मिला सुराग
जौरा थाना प्रभारी दर्शन शुक्ल और जांच अधिकारी एसआई पंकज यादव ने बताया कि आरोपी तक पहुंचना आसान नहीं था। पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तब एक संदेही महिला बैग ले जाते दिखी। फुटेज में वह ई-रिक्शा में बैठकर जाती नजर आई। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को ढूंढा। जब चालक को फुटेज दिखाया गया, तो संयोग से वह महिला का घर जानता था। उसकी मदद से पुलिस आरोपी के घर तक पहुंची। महिला ने कबूला गुनाह, जेवर बरामद
पुलिस टीम ने ग्राम बाघौरा खुर्द में दबिश देकर संदिग्ध महिला को पकड़ा। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने बैग चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी महिला की पहचान बिट्टू सिकरवार के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया बैग और उसमें रखे जेवर बरामद कर लिए गए। मायके का पता नहीं बता रही आरोपी
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला पूछताछ में अपने मायके का पता नहीं बता रही है। ससुराल वाले पते से कोई अन्य चोरी की वारदात ट्रेस नहीं हुई है। पुलिस का मानना है कि अगर महिला मायके का पता बताती, तो उसका पुराना रिकॉर्ड देखा जा सकता था। महिला आरोपी होने के कारण उसे समय से न्यायालय में पेश करना जरूरी था। यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने महिला के पास से एक सोने का हार, सोने की वेसर, एक चांदी की करधनी, दो नग चांदी के हाथ फूल, 6 नग चांदी के बिछिया और सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है।


