ग्वालियर से मुरैना लाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने पकड़ा है। कार्रवाई में पुलिस ने 34 पेटी अवैध शराब के साथ एक बोलेरो गाड़ी और आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की बाजार में कीमत 1 लाख 2 हजार रुपए है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी की कीमत करीब 6 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। छोंदा टोल के पास लगाया चेकिंग पॉइंट सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो (MP07ZY4932) में ग्वालियर से मुरैना अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर छोंदा टोल के पास, सरदार पेट्रोल पंप के नजदीक चेकिंग प्वाइंट लगाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें से 34 पेटी शराब बरामद की गई। मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल स्थानीय लोगों ने बताया कि मुरैना जिले में इन दिनों अवैध शराब की खपत तेजी से बढ़ी है। राजस्थान और ग्वालियर की ओर से लगातार शराब की तस्करी की जा रही है। पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन आबकारी विभाग की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


