नेशनल हाइवे 44 पर सेल्टिक्स बैरियर के पास, ग्वालियर से आगरा जा रहे आयशर कैंटर (DL 1 MB 3568) में रात के समय अचानक आग लग गई। आग का कारण फिलहाल अज्ञात है। आग इतनी तेजी से फैली कि कैंटर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। चालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, जबकि सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। चलते कैंटर में अचानक भड़की आग आग लगते ही चालक ने स्थिति भांपते हुए कैंटर से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग तेज हो गई और कैंटर धू-धू कर जलने लगा। हाईवे पर आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने दी दमकल को सूचना घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल और डायल 112 को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शी संतोष शर्मा के अनुसार कैंटर में आग चालक के केबिन के आगे हिस्से से शुरू हुई। केबिन से आग की लपटें निकलती देख चालक नीचे कूद गया। आग लगने का सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। डायल 112 मौके पर पहुंची सूचना मिलने पर डायल 112 के चालक विपिन दंडोतिया और आरक्षक गजेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कैंटर पूरी तरह जल चुका था और उसमें भरा परचून का सामान भी नष्ट हो गया। सिविल लाइन पुलिस को दी गई सूचना घटना की जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।


