मुरैना में महावीर शुक्ला हत्याकांड के 2 फरार आरोपी गिरफ्तार:रेकी में इस्तेमाल बाइक जब्त; बेटे के जुर्म का बदला लेने पिता को गोलियों से दागा था

मुरैना की पोरसा थाना पुलिस ने बहुचर्चित महावीर शुक्ला हत्याकांड में फरार चल रहे शेष दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की अपाचे बाइक भी बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अवनीश तोमर और सुनहरी तोमर (निवासी मिरघान) के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में तीन अन्य आरोपियों और एक बाल अपचारी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना 6 नवंबर की है। पोरसा थाना क्षेत्र के पचपेड़ा एनएच-552 पर महावीर शुक्ला की फिल्मी अंदाज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महावीर शुक्ला अंबाह जेल में बंद अपने बेटे शिवा शुक्ला से मुलाकात कर लौट रहे थे। तभी बाइक और स्कॉर्पियो गाड़ी से आए 6 हमलावरों ने घेरकर उन्हें गोली मार दी थी। अब पकड़े गए आरोपियों ने ही अपाचे बाइक से महावीर शुक्ला की रेकी की थी। पिता और चाचा की मौत का बदला लिया जांच में सामने आया कि यह हत्या बदले की भावना से की गई थी। दरअसल, मृतक महावीर शुक्ला के बेटे शिवा ने एक साल पहले इस हत्याकांड में शामिल बाल अपचारी के पिता बंटी भदौरिया और चाचा भोला भदौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से आरोपी इस दोहरी हत्या का बदला लेने की फिराक में थे और लगातार महावीर शुक्ला की रेकी कर रहे थे। सभी आरोपी सलाखों के पीछे पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि महावीर शुक्ला की हत्या में फरार चल रहे शेष दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही अब हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। चार आरोपियों को पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *