मुरैना में महिला सरपंच से होगी 8 लाख की वसूली:रोक के बाद भी बना दिया पंचायत भवन; CEO ने धारा 40 का नोटिस दिया

मुरैना की पोरसा जनपद की ग्राम पंचायत खेरली में सरपंच की मनमानी का मामला सामने आया है। यहां महिला सरपंच और उनके बेटे ने अधिकारियों की रोक के बावजूद पंचायत भवन का निर्माण करा दिया और शासकीय खाते से 8 लाख रुपए भी निकाल लिए। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने पर जिला पंचायत CEO ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सरपंच को धारा 40 (पद से हटाने की कार्रवाई) का नोटिस थमाते हुए निकाली गई राशि की वसूली के आदेश दिए हैं। अब सरपंच का बेटा अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। पंचों ने की थी शिकायत, फिर भी नहीं रोका काम विवाद की शुरुआत तब हुई जब सरपंच मीरा बाई और उनके बेटे संदीप ने पंचों को विश्वास में लिए बिना अपनी मर्जी से भवन निर्माण शुरू कर दिया। पंचों का कहना था कि पंचायत भवन मुख्यालय पर बनना चाहिए, लेकिन सरपंच दूसरी जगह बनवा रही थीं। पंचों की शिकायत पर जिला पंचायत CEO ने काम रोकने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसके बाद भी सरपंच पक्ष ने काम जारी रखा और 8 लाख रुपए की राशि निकाल ली। बेटा बोला- मुख्यालय पर जमीन नहीं सरपंच के बेटे संदीप का कहना है कि पंच मुख्यालय पर भवन चाहते हैं, लेकिन वहां इतनी बड़ी शासकीय जमीन उपलब्ध नहीं है। संदीप ने सफाई देते हुए कहा कि हमें पहले काम रोकने का आदेश मिला था, लेकिन बाद में मौखिक रूप से काम करने को बोल दिया गया था। इसी कारण हमने काम जारी रखा और अब तक 8 लाख का निर्माण हो चुका है। अब वसूली का नोटिस गलत है। CEO बोले- निर्देशों का उल्लंघन किया, वसूली होगी जिला पंचायत CEO कमलेश भार्गव ने स्पष्ट किया कि पंचायत भवन को लेकर विवाद था, इसलिए काम रुकवाया गया था। सरपंच ने वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए न केवल निर्माण कराया, बल्कि राशि भी निकाल ली। इसी वजह से धारा 40 के तहत नोटिस देकर राशि वसूली की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *