मुरैना में हत्या के 2 आरोपी गिरफ्तार:एक साल से फरार थे, परिजनों से मिलने आए तो पकड़ाए; होम मेड बंदूक और जिंदा कारतूस मिली

मुरैना की नूराबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर पुलिस अधीक्षक की ओर से पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घातक हथियार भी बरामद किए हैं। इनमें एक 315 बोर की होममेड बंदूक, एक अधिया (शॉट गन) और दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। पकड़े गए बदमाशों में से एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से चार संगीन मामले दर्ज हैं। घेराबंदी कर गांव से ही पकड़ा मामला नूराबाद थाना क्षेत्र के लभनपुरा गांव का है। यहां एक साल पहले हुई हत्या के मामले में आरोपी विजय गुर्जर (पुत्र रामनाथ गुर्जर) और जितेंद्र गुर्जर (पुत्र बुलाखी गुर्जर) फरार चल रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों इनामी बदमाश अपने परिजनों से मिलने चोरी-छिपे गांव आए हुए हैं और वापस भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। ASP बोले- हथियार भी मिले, आदतन अपराधी हैं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी एक साल पहले हुई हत्या के मामले में वांटेड थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने उनके पास से अवैध हथियार जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में से एक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है कि फरारी के दौरान वे कहां छिपे थे और हथियार कहां से लाए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *