मुरैना में HC के आदेश पर चले बुलडोजर:रास्ता रोककर बनाए 4 मकान तोड़े; गोली मारने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

मुरैना मुख्यालय पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पीछे प्रताप कॉलोनी में रास्ता बंद कर बनाए गए 4 मकानों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद रविवार को पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई रोकने के लिए टीम को गोली मारने की धमकी देने वाले एक युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। फरियादी बहादुर सिंह परिहार के घर तक पहुंचने का रास्ता अतिक्रमणकारियों ने पूरी तरह बंद कर दिया था। इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश पर आज प्रशासनिक अमला हरकत में आया। टीम ने दीपक शर्मा, जगदीश शर्मा, राजेंद्र कुशवाह और सोबरन कुशवाह के अवैध निर्माण को तोड़ा। तोड़े गए मकानों में एक ‘स्प्रिंगलेश स्कूल’ भी शामिल है। कलेक्टर ने नहीं सुनी तो हाईकोर्ट पहुंचे फरियादी
याचिकाकर्ता बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने पक्के मकान बनाकर उनके घर का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया था। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई थी, जिस पर जुर्माना लगाकर खाली करने के आदेश हुए, लेकिन रास्ता नहीं खुला। इसके बाद वे हाईकोर्ट गए। वहां से मकान तोड़ने के आदेश हुए, लेकिन जब कलेक्टर ने कार्रवाई नहीं की, तो उन्होंने हाईकोर्ट में अवमानना याचिका लगाई। इसी सख्ती के बाद आज प्रशासन ने कार्रवाई की। देखिए 4 तस्वीरें… SDM बोले- कोर्ट में केस हार चुके थे अतिक्रमणकारी
एसडीएम भूपेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि कुल 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ये लोग हमारी न्यायालय में भी केस हार गए थे और उच्च न्यायालय का भी स्पष्ट आदेश था। इसी का पालन करते हुए अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों को तोड़ा गया है। तोड़े गए निर्माणों में एक ‘स्प्रिंगलेश स्कूल’ भी शामिल है। गोली मारने की धमकी, भारी विरोध
अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं और पुरुषों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक युवक ने टीम को गोली मारने की धमकी दे दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त युवक को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एडीएम-सीएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई जारी यह पूरी कार्रवाई एडीएम भूपेंद्र कुशवाह और सीएसपी दीपाली चन्दौरिया के नेतृत्व में की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जाएगा। फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *