मुरैना जिला जल्द ही मप्र के सोलर एनर्जी मैप पर उभरने की तैयारी में है। हाल ही में जिले में बन रहे 800 मेगावाट के सोलर पार्क के लिए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा टेंडर मंगाए गए हैं। साथ ही जिले में प्रदेश के 600 मेगावाट क्षमता के पहले सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट पर भी काम जारी है। रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पावर लिमिटेड ने हाल ही में मुरैना में 800 मेगावाट के सोलर फोटो वोल्टिक प्रोजेक्ट के लिए निजी डेवलपर्स से प्रस्ताव मंगाए हैं। यह प्रोजेक्ट पावर ग्रिड से कनेक्ट होगा, इससे साल भर में 6-6 महीने मप्र और यूपी को बारी-बारी से बिजली मिलेगी। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अगले 2 से 3 महीनों में टेंडर प्रक्रिया फाइनल होने की उम्मीद है। दूसरे प्रोजेक्ट से रात में भी मिलेगी बिजली मप्र के पहले सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट के काम की शुरुआत अप्रैल या मई 2025 तक मुरैना जिले में हो जाएगी। अभी तक प्रदेश में सिर्फ सोलर एनर्जी उत्पादन की व्यवस्था है, स्टोरेज की नहीं। स्टोरेज प्रोजेक्ट से 600 मेगावाट बिजली मिलेगी। जब प्रदेश में शाम या रात के समय बिजली की मांग बढ़ती है तब इस प्रोजेक्ट से बिजली सप्लाई होगी। दोनों प्रोजेक्ट मिलकर कुल 1400 मेगावाट बिजली तैयार होगी।


