मुलाना गांव में दो दुकानों में आगजनी:आरोप–प्रत्यारोप के बीच पुलिस की जांच जारी, आगजनी से सामान जलकर हुआ खाक

मुलाना गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बाजार क्षेत्र में स्थित दो दुकानों में आग लग गई। घटना शाम करीब 5 बजे के बाद की बताई जा रही है। आगजनी में जालम सिंह की किराने की दुकान और पास में स्थित जय सिंह की वेल्डिंग की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दुकान मालिक जालम सिंह ने एक मिस्त्री गणपत सिंह पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है जबकि पडोसी दुकानदार जय सिंह ने जालम सिंह पर आग लगाने का आरोप लगाया है। आग से दोनों दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। सांगड़ थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। आगजनी मामले में लगे आरोप – प्रत्यारोप पीड़ित दुकानदार जालम सिंह ने सांगड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में जालम सिंह ने आरोप लगाया कि गणपत सिंह निवासी झिनझिनयाली समेत सात लोग कार में सवार होकर मौके पर आए और उनकी किराने की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आरोप है कि आग लगाने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जालम सिंह का कहना है कि इस घटना में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पड़ोसी दुकानदार जय सिंह ने जालम सिंह पर ही आगजनी का आरोप लगा दिया। जय सिंह का कहना है कि आग खुद जालम सिंह ने लगाई है। जय सिंह की वेल्डिंग की दुकान भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई, जिससे उन्हें भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। पुरानी रंजिश के चलते घटना, जांच जारी बताया जा रहा है कि गणपत सिंह मुलाना गांव में मिस्त्री का काम करता है। घटना से एक-दो दिन पहले गणपत सिंह और जालम सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही सांगड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जले हुए सामान, आसपास के हालात और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों और प्रत्यारोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगजनी के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *