बेटियां और महिलाएं अपने मोबाइल में राजस्थान पुलिस का राजकॉप सिटीजन एप जरूर डाउनलोड करें। यह एप मुसीबत में मददगार साबित होगा। राजस्थान पुलिस ने महिलाओं की सहायता के लिए यह एप बनाया है, इसमें किसी भी परेशानी, शोषण अथवा प्रताड़ना के दौरान एक क्लिक पर पुलिस तक सूचना पहुंच जाती है। इस एप के कारण कई बेटियों को तत्काल मदद मिली है। जिले में अब तक करीब एक हजार लोग यह एप डाउनलोड कर चुके हैं। पूर्व में दे सकते हैं यात्रा की सूचना यात्रा सूचना फीचर महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। यदि कोई महिला अकेली यात्रा कर रही हैं तो वह इस फीचर का उपयोग कर सकती है। वह पुलिस और पारिवारिक सदस्यों को वाहन के नंबर और अन्य जानकारी दे सकती है। वह फोटो व वीडियो भी अपलोड कर सकती है। राजस्थान पुलिस के राजकॉप एप पर नया फीचर नीड हेल्प और यात्रा सूचना विकसित किया है। नीड हेल्प दो तरह से बेटियों की सहायता करता है। पहली-आपातकालीन तथा दूसरी-गैर आपातकालीन। यदि आप आपातकालीन स्थिति में है और आपको तुरंत सहायता की जरूरत है तो आप इस विकल्प का चयन करें। पुलिस जल्द आपके पास पहुंचेगी। गैर आपातकालीन स्थिति में भी पुलिस मदद करेगी। एप से एफआईआर भी कर सकते हैं डाउनलोड इस एप में एफआईआर डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि अभी यह फीचर बंद है। इसमें पुलिस संपर्क निर्देशिका, पुलिस थानों से लेकर पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर, किराएदार या नौकर का पुलिस सत्यापन, साइबर फ्रॉड की सूचना व रिपोर्ट करवा सकते हैं। साथ ही पंजीकृत शिकायत को ट्रैक कर सकते हैं।


