मूंडवा के सीमेंट प्लांट में एक युवक का शव ट्रक के अंदर मिला है। युवक की मौत करीब 8 से 10 घंटे पहले हो गई थी, लेकिन 108 एंबुलेंस को घायल की सूचना दी गई थी। मामला शुक्रवार शाम का है। 108 एंबुलेंस चालक मंगलाराम मुंडेल और ईएमटी बालाराम ग्वाला ने बताया कि सीमेंट प्लांट में एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो गेट पर कोई नहीं मिला। इस पर जिन नम्बरों से फोन आया उससे सम्पर्क किया। उसने बताया कि घायल सीमेंट प्लांट के अंदर है। 108 एंबुलेंस से युवक को मूंडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. राकेश सिरोही ने उसे मृत घोषित किया। डॉक्टर ने बताया कि युवक की मौत 8 से 10 घंटे पहले हो चुकी थी। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान राजुराम (46) पुत्र बिशना राम निवासी डबली वास हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। राजूराम का शरीर पूरा अकड़ चुका था। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। जहां परिजनों के आने के बाद सुबह पोस्टमार्टम होगा।


