मृतक गैंगस्टर जग्गू भगवानपूरिया का साथी था, पहले से हत्या, इरादा कत्ल के मामले दर्ज

भास्कर न्यूज | अमृतसर गैंगस्टर रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा की हत्या के दोनों आरोपी मनाली से गिरफ्तार कर लिए गए। आरोपी अभिराज उर्फ अभि पहलवान टेलीफोन एक्सचेंज का रहने वाला है। उसका साथी राहुल कुमार उर्फ मोटा गंज दी मौरी का निवासी है। दोनों ने काठियांवाला बाजार में सोनू मोटा को गोलियां मार कर हत्या की थी। वारदात के बाद दोनों लाहौल स्पीति भागने की फिराक में थे। वे हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित भूतनाथ मंदिर तक पहुंच गए थे। पुलिस ने वहां से उन्हें सुबह करीब 11 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को अमृतसर ला रही है। शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत में पेश करने के बाद रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ में हत्या की वजह और अन्य जानकारी जुटाई जाएगी। वीरवार को पुलिस ने दोनों को हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार कर आरोपियों के पास से 30 बोर का पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा बरामद कर ली है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अभिराज उर्फ अभि पहलवान को शक था कि उसके पिता पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह पहलवान की हत्या करवाने में सोनू मोटा का हाथ था। सोनू मोटा ने उसके पिता की हत्या करवाने के दौरान रेकी की थी। इसी की रंजिश अभि के मन में थी और इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा गैंगस्टर जग्गू भगवानपूरिया का साथी था और उसके खिलाफ हत्या, इरादा कत्ल आदि के मामले दर्ज हैं। वहीं अभि के खिलाफ हत्या प्रयास का एक मामला दर्ज है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 29 अप्रैल को रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा की हत्या करके अभिराज उर्फ अभि पहलवान अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम देने के बाद लाहौल स्पीति की तरफ भागने की फिराक में था। हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों ही आरोपियों ने पहले अपनी एक्टिवा छिपाई। वह पठानकोट के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए। पहली रात वह धर्मशाला में रहे और दूसरी रात मनाली में चले गए। पुलिस टीम ने घटना के तुरंत बाद ही ट्रेस कर लिया था और टीमें उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मनाली की तरफ है तो टीमें वहां रवाना हुईं। वीरवार की सुबह 11 बजे के करीब उन्हें मनाली स्थित भूतनाथ मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों ही आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड लेकर वापिस लाया जा रहा है। बता दें कि 29 अप्रैल की शाम साढ़े 4 बजे के करीब रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा की अभिराज उर्फ अभि पहलवान ने उस समय गोलियां मार कर हत्या कर दी, जिस समय वह गुरुद्वारा गुरु का महल में सेवा करने के बाद घर वापिस जा रहा था। सोनू मोटा अपने साथी अंगददीप सिंह निवासी अंतर्यामी कालोनी की एक्टिवा पर सवार था। पुलिस ने तुरंत आरोपियों की पहचान कर ली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *