भास्कर संवाददाता | चूरू एनएच 52 पर रामसरा के पास एक होटल के पीछे खेतों में 21 दिसंबर की सुबह मिट्टी में दबे मिले शव की पहचान मंगलवार को बिसाऊ के एक युवक के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की हत्या कर उसका शव यहां डाला गया था। युवक की हत्या को लेकर परिवार के सदस्य पर ही संदेह जताया जा रहा है। माना जा रहा है कि चार-पांच लोगों के सहयोग से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है। चूरू एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि रतननगर पुलिस की टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए 50 घंटे बाद युवक की पहचान की। मृतक की पहचान विकास मेघवाल (24) निवासी धीरासर, बिसाऊ (झुंझुनूं) के रूप में हुई है। छोटे भाई अंकित कुमार ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक मंदबुद्धि था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। वह 23 नवंबर को गांव घांघू में देखा गया था। एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद अब तक की गई जांच पड़ताल में सामने आया है कि परिवार के ही किसी सदस्य ने युवक की हत्या की और उसके शव को एनएच 52 पर स्थित एक होटल के पीछे खेतों में पटक दिया। युवक हत्या कर शव डालने की पूरी वारदात में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है।


