भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल स्वाइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी योजना के तहत चयनित विद्यालय पीएम श्री सेजेस स्कूल दुर्गूकोंदल में मृदा स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जनभागीदारी शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक जैन, प्राचार्य अजय नेताम, मृदा विज्ञान वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. कोमल सिंह केराम, कृषि विज्ञान केंद्र वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बेनूराम मरकाम, कृषि विकास अधिकारी निरंजन नरेटी, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी मनोहर चंद्रवंशी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर विश्वदेव बंजारा तथा असिस्टेंट टेक्नोलॉजी मैनेजर बलवंत बघेल उपस्थित रहे। डॉ. कोमल सिंह केराम ने कहा मृदा परीक्षण के माध्यम से खेत की वास्तविक पोषक स्थिति की जानकारी मिलती है। इससे फसल के अनुसार संतुलित उर्वरकों का प्रयोग संभव हो पाता है। उन्होंने स्वाइल हेल्थ एवं फर्टिलिटी के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खाद, हरी खाद, वर्मी कम्पोस्ट एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग की उपयोगिता को सरल भाषा में समझाया। रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी। निरंजन नरेटी ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, मृदा स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रमों एवं किसानों के लिए उपलब्ध तकनीकी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया शासन द्वारा किसानों को मृदा सुधार के लिए मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसका लाभ लेकर किसान उत्पादन के साथ-साथ भूमि की उर्वरता भी बनाए रख सकते हैं। प्राचार्य अजय नेताम ने कहा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ कृषि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव उत्पन्न करते हैं।


