लोहरदगा|साइंस फॉर सोसाइटी, लोहरदगा के तत्वावधान में स्वर्गीय सुधीर अग्रवाल की स्मृति में एक भव्य मेगा आई कैंप एवं डेंटल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान लगभग 425 लोगों की आंखों की जांच एवं 117 लोगों का दंत परीक्षण किया गया। इस सेवा कार्य में बतौर मुख्य अतिथि लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुधीर अग्रवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं तुलसी पौधे पर जल अर्पण के साथ की गई। कैंप के मुख्य चिकित्सक डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. मीनाक्षी सिंह, अतिथि सिस्टर डॉ. सी. एलिन, मदन मोहन पांडे एवं ओम प्रकाश सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि आज समाज को सेवा, संवेदना और समर्पण की सबसे अधिक आवश्यकता है। स्वर्गीय सुधीर अग्रवाल ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने हमेशा समाज के लिए कार्य किया। डॉ. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों में आंखों व दांतों से संबंधित समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। अतिथि मदन मोहन पांडे, ओम प्रकाश सिंह एवं डॉ. सी. एलिन ने भी इस तरह के शिविरों को मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए आयोजकों की सराहना की।


