सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मेड़ता के दौरे पर रहेंगे। दोनों राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल होकर 3200 करोड़ से ज्यादा की सौगातें देंगे। लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि दौरे पर लगे पोस्टरों में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा की फोटो गायब है। ऐसे में साफ नजर आ रहा है कि भ्रष्टाचार के मामले में BJP उन्हें साइडलाइन कर रही है। अन्य विधायकों-नेताओं की फोटो, डांगा की नहीं आज के कार्यक्रम में CM भजनलाल और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों को बड़ी सौगातें दे रहे हैं। दौरे के पोस्टरों और बैनरों में रामधन पोटलिया, जिलाध्यक्ष राजेंद्र बोराणा संगठन प्रभारी, नागौर शहर, महिमा कुमारी मेवाड, सांसद राजसमंद और ज्योति मिर्धा की फोटो लगी है लेकिन खींवसर MLA डांगा की फोटो कहीं नहीं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय बन गया है कि स्टिंग के बाद पार्टी उन्हें अलग-थलग कर रही है। ऐसे में आज के कार्यक्रम में रेवंतराम डांगा के मंच पर रहने की संभावना भी नहीं दिखाई दे रही। स्टिंग में 40% कमीशन मांगते कैद हुए डांगा बता दें कि 14 दिसंबर को दैनिक भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में BJP MLA रेवंतराम डांगा प्रोजेक्ट के लिए 40% कमीशन मांगते कैमरे में कैद हुए थे। इसके बाद BJP ने उन्हें नोटिस थमाया और तीन दिन में जवाब मांगा। विधायक की ओर से जवाब आने पर मामला सदाचार समिति को सौंपा गया पर अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया। हालांकि इन पोस्टर्स के सामने आने के बाद पार्टी की कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। ये सौगातें मिलेगी
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में 2000 करोड़ से ज्यादा की स्वीकृति, राज्य परियोजनाओं में किसानों को 1200 करोड़ का हस्तांतरण होगा। साथ ही कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं से 31 हजार 600 कृषकों को 200 करोड़, कृषि आदान अनुदान से 5 लाख कृषकों को 700 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से 18 हजार 500 लाभार्थियों को 100 करोड़ और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन संबल योजना से 4.50 लाख पशुपालकों को 200 करोड़ रुपए की सौगात मिलेगी। नागौर जिले के लिए 351 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास होगा। पहले तीन बार टला सीएम का दौरा मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से दोपहर 12:05 बजे मेड़ता के डांगावास स्थित हेलीपेड पर पहुंचेंगे। यहां से 1 बजे किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। मेड़ता में किसान सम्मेलन की बड़े स्तर पर तैयारियां की गई है। आपको बता दें कि इससे पहले तीन बार मुख्यमंत्री का प्रस्तावित मेड़ता दौरा टल चुका है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर देर रात मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी जारी हो गया।


