भास्कर न्यूज | टोंक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फाउंडेशन ओरिएंटेशन इन फिजियोलॉजी विषय पर व्याख्यान सह कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (सीएमई) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमबीबीएस छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। मुख्य वक्ता जीएमसी चूरू के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्रोफेसर (फिजियोलॉजी) डॉ. बी.के. बिनावारा ने फिजियोलॉजी की मूलभूत अवधारणाओं, उसके ऐतिहासिक विकास और चिकित्सा शिक्षा में उसकी अपरिहार्य भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि फिजियोलॉजी की गहरी समझ ही सफल क्लिनिकल प्रैक्टिस की आधारशिला है और एक सक्षम चिकित्सक बनने के लिए विषय की बुनियादी जानकारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. लोकेंद्र शर्मा ने कहा कि ऐसे अकादमिक सत्र मेडिकल छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उन्हें आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होते हैं।


