मेयर और छात्रों ने पर्यावरण बचाने की शपथ ली

भास्कर न्यूज | लुधियाना गुजरांवाला गुरु नानक पब्लिक स्कूल में मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति प्रेम को बढ़ावा देने के लिए विशेष पौधरोपण अभियान आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम की मेयर इंदरजीत कौर मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने कहा कि जिस पौधे को हम अपने हाथों से लगाकर संवारते हैं, उसके फूलने और फलने की खुशी अद्वितीय होती है। यह अनुभव हमें भौतिक आकर्षण से ऊपर उठाकर प्रकृति से गहरा जुड़ाव देता है। उन्होंने इसे हरियाली और स्वस्थ भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया। स्कूल प्रांगण में आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों और स्टाफ ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। मेयर इंदरजीत कौर ने बच्चों को पौधों की देखभाल को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। स्कूल की प्रिंसिपल गुनमीत कौर ने अतिथियों का स्वागत किया और पौधरोपण के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधे अब हरे-भरे होकर स्कूल की सुंदरता बढ़ा रहे हैं और सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बने हैं। कार्यक्रम में जीकेईसी प्रबंधन समिति के सदस्य भी शामिल हुए। इनमें अध्यक्ष और जीएनडीयू के पूर्व कुलपति डॉ. एसपी सिंह, उपाध्यक्ष एस. कुलजीत सिंह, महासचिव एस. हर्षरण सिंह नरूला, सदस्य एस. हरदीप सिंह और एस. सुखबीर सिंह नरूला शामिल थे। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के अंत में स्टूडेंट्स और स्टाफ ने सामूहिक शपथ ली कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे और प्रदूषण रोकने के प्रयासों में सक्रिय रहेंगे। स्कूल प्रबंधन ने घोषणा की कि आने वाले महीनों में ऐसे कई और कार्यक्रम होंगे, जिनमें विद्यार्थी प्रकृति संरक्षण के प्रोजेक्ट्स में भाग लेंगे। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें हरित भविष्य के निर्माण में सहभागी बनाना है। मेयर इंदरजीत कौर के साथ स्कूल स्टाफ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *