भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में कांग्रेसी पार्षद श्वेता छाबड़ा की ओर से कंटेंप्ट ऑफ हाईकोर्ट की डाली गई याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। मामले को लेकर हाईकोर्ट के न्यायाधीश पंकज जैन की ओर से 24 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान आदेश जारी किए थे कि नगर निगम अमृतसर एफिडेविट के साथ मेयर चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की सीडी कोर्ट में पेश करे। जिस पर सीडी पेश कर दी गई। न्यायाधीश पंकज जैन ने दोनों पक्षों की सुनवाई के पश्चात कहा कि सरकारी पक्ष सीडी के साथ-साथ एफिडेविट भी पेश करें, जिसके बाद अब अगली सुनवाई अब 29 जुलाई को होगी। वहीं कांग्रेसी पार्षद विकास सोनी की ओर से मेयर चुनाव दोबारा कराने के लिए दायर याचिका पर सुनवाई होनी थी, मगर डबल बेंच के पास अधिक केस होने के कारण याचिका पर सुनवाई न हो सकी। अब अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी।


