मेयर ने दी हिदायत- वार्ड में कितने कर्मचारी पहुंचे, रोज गिनेंगे अफसर, रिपोर्ट भी बनाएंगे

राजधानी में सफाई, पेयजल, जलभराव, श्रीगणेश मूर्तियों की बिक्री समेत कई जरूरी मुद्दों पर महापौर ने मंगलवार को निगम अफसरों की क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि सफाई को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अफसरों को फील्ड में उतरकर जांच करना होगा कि किस वार्ड में रोजाना कितने सफाई कर्मचारी आ रहे हैं। इसकी रिपोर्ट भी देनी होगी। शहर में अभी भी बारिश के दौरान कई जगहों पर पानी भर रहा है। इसकी मुख्य वजह नाले और नालियों की सफाई नहीं होना है। इसलिए अभी गैंग लगाकर बड़े नालों की सफाई कराई जाए। बैठक में महापौर मीनल चौबे ने अफसरों से यह भी कहा कि गणेश उत्सव के दौरान श्रीगणेश की मूर्तियों की बिक्री के लिए उचित जगह की तलाश की जाए। कोशिश की जाए कि बड़े मैदान या खाली जगह पर इस तरह के बाजार लगाए जाए। इससे शहर का ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा। इसके अलावा शहर में जो भी काम हो रहे हैं उसे समय पर पूरा किया जाए। बैठक में मुख्य अभियंता यूके राघेवेंद्र, अधीक्षण अभियंता संजय बागदे, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, पी. राजेश नायडू, समेत सहायक एवं उप अभियंता मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *