लखीमपुर खीरी से भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू पर हुई फायरिंग की जांच करने सीओ सिटी पहुंचे। विधायक के पिता और पूर्व सांसद जुगुल किशोर CO पर ही भड़क गए l उन्होंने कहा- मेरी औकात जान लो। एक-एक घंटे में आईजी, डीआईजी हटवाए हैं l पूर्व सांसद और भाजपा प्रवक्ता जुगुल किशोर ने सीओ सिटी रमेश तिवारी से कहा- मैं मुख्यमंत्री जी के सामने बात रखता हूं l आप लोग यहां रहने लायक नहीं हैं। ना आप, ना आपका इंस्पेक्टर और ना आपके एसपी। यहां की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है l दिनदहाड़े डकैती-चोरी और मर्डर हो रहा है l विधायक पर गोली चल रही। अब पढ़िए विधायक पर फायरिंग की घटना… फायरिंग कर बाइक से भागे युवक
बुधवार की रात साढ़े 10 बजे कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू अपने घर के बाहर ब्लॉक प्रमुख पत्नी खुशबू सिंह के साथ टहल रहे थे। जबकि उनका गनर घर पर ही बैठा था। घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे शराब के नशे में धुत दो युवक खड़े होकर सिगरेट पीते दिखे। कस्ता विधायक ने उन्हें टोका, जिसके बाद युवकों से नोकझोंक हो गई। इस बीच, दो में से एक युवक ने कमर से पिस्टल निकाली। अचानक विधायक पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवास सुनी तो घर पर तैनात गार्ड भागते हुए पहुंच गए। उन्हें देखकर युवक फायरिंग करते हुए भाग गए। इसके बाद विधायक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 3 को हिरासत में लिया
विधायक पर फायरिंग की सूचना पर आनन-फानन में पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के CCTV खंगाले। सदर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया- तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद एक्शन लेंगे। पुलिस ने अभी यह नहीं बताया है कि विधायक पर फायरिंग करने वाले युवक कौन थे? कोई साजिश थी या फिर एकाएक हुई घटना। पुलिस ने विधायक से किए सवाल-जवाब
गुरुवार सुबह भी पुलिस की टीम विधायक के घर पहुंची। उनसे घटना को लेकर सवाल-जवाब किए। शहर के पॉश इलाके में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विधायक ने बताया कि हमलावर लड़के उनके इलाके के नहीं थे। क्योंकि, उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। फोर्स के साथ सड़कों पर निकले एसपी
घटना के बाद गुरुवार शाम एसपी लखीमपुर खीरी गणेश प्रसाद साहा ने खुद फोर्स के साथ सड़कों पर गश्त की। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक और पूर्वी सदर कोतवाल भी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस टीम ने लखीमपुर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। एसपी ने स्थानीय पुलिस बल को नियमित गश्त बढ़ाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई करने और संदिग्धों की कड़ी जांच करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और उपस्थिति अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए बेहद जरूरी है। अब पढ़िए कौन हैं जुगुल किशोर… मायावती दलित नहीं, दौलत की बेटी- जुगुल किशोर
एक दौर में जुगुल किशोर का बसपा में दबदबा हुआ करता था। वह मायावती के खास लोगों में गिने जाते थे। 2014 लोकसभा चुनावों के बाद समीकरण बदले और जुगुल किशोर को बसपा ने निष्कासित कर दिया। जिसके बाद जुगुल किशोर ने यहां तक कह दिया कि मायावती दलित नहीं बल्कि दौलत की बेटी हैं। उनका यह बयान काफी चर्चा में रहा था। जुगुल किशोर के बारे में जानिए…
भाजपा नेता जुगुल किशोर मितौली क्षेत्र के गांव चुरईपुरवा के निवासी हैं। वह बसपा सरकार के समय कद्दावर नेता हुआ करते थे। वह एमएलसी भी रहे। बसपा सरकार के दौर में मायावती ने उन्हें राज्य सभा भेजकर सांसद भी बनवाया। धीरे-धीरे बसपा का ग्राफ गिरता देख जुगुल किशोर ने भाजपा से नजदीकी बढ़ाई। मौका देखकर 2017 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2017 विधानसभा चुनाव में जुगुल किशोर ने अपने बेटे सौरभ सिंह सोनू को भाजपा से कस्ता विधानसभा का टिकट दिलवाया। यहां से जीत हासिल करने के बाद सौरभ सिंह विधायक बने। —————————————– ये भी पढ़ें… 12 साल में 3 गुना बड़ा हुआ महाकुंभ:28 करोड़ ज्यादा श्रद्धालु आएंगे; 200 चार्टर्ड प्लेन उतरेंगे, पहली बार AI से नजर ‘मैं 2013 के महाकुंभ में भी आया था। उस व्यवस्था और आज की व्यवस्था में बहुत अंतर है। सुविधाएं बढ़ गई हैं। पहले हमारे कैंप में 3 शौचालय थे, अबकी बार 11 मिले हैं। पहले हमें 2 नल मिलते थे, अब 6 नल मिले हैं।’ ऐसा मध्य प्रदेश के विदिशा में रहने वाले नवल रघुवंशी का कहना है। नवल हर साल परिवार के साथ मेला क्षेत्र में कल्पवास करने आते हैं। कैंप में 20 परिवार कल्पवास करते हैं। नवल की बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि महाकुंभ 2025 ‘दिव्य’ के साथ बेहद ‘भव्य’ होने जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…


