‘मैं बहुत पेरशान हूं। घर में रोज झगड़ा होता है। मेरी पत्नी सविता मेरे साथ कोई भी अप्रिय घटना करा सकती है। सुसाइड नोट में एक मोबाइल चिप है। इसके अंदर कुछ वीडियो और चैटिंग के स्क्रीन शॉट हैं। उसका कहीं अफेयर चल रहा है।’ यह बातें मथुरा में पत्नी की हत्या कर आत्महत्या करने वाले टीचर ने सुसाइड नोट में लिखी। घर से पुलिस को सुसाइड नोट मिला। पुलिस को टीचर की 5 साल की बेटी ने पूरी कहानी बताई। पढ़िए बेटी ने हत्या के पीछे क्या वजह बताई ? सबसे पहले पढ़िए पूरा मामला
भरतपुर के कुबेर ताखा गांव निवासी दीपक (28) अपनी पत्नी सरिता और दो बच्चों के साथ मथुरा की कन्हैया कुंज कॉलोनी में रहता था। दीपक एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था। रविवार को दीपक का शव घर में फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी सविता का शव बेड पर पड़ा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया- पत्नी के गले पर रस्सी के निशान हैं। आशंका है पति ने रस्सी से पत्नी का गला घोंटा। इसके बाद उसी रस्सी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। 5 साल की बेटी ने बताया- पापा फंदे पर लटके थे
थाना प्रभारी आनंद कुमार शाही के मुताबिक, पुलिस को टीचर की 5 साल की बेटी ने बताया कि शनिवार रात को मम्मी के फोन पर किसी की कॉल आई थी। इसके बाद मम्मी-पापा के बीच झगड़ा हुआ। झगड़ा बढ़ा तो पापा ने मुझे दूसरे कमरे में सुला दिया। सुबह उठी तो उसने मम्मी को आवाज दी, मगर कोई जवाब नहीं आया। कमरे में गई तो देखा, पापा फंदे पर लटके थे और मम्मी बेड पर पड़ी हुई थी। मैं रोते हुए बाहर आई और पड़ोसियों को घर के अंदर ले गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से दीपक और सरिता के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। सरिता घर के अंदर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जबकि दीपक प्राइवेट स्कूल में टीचर था। दोनों की शादी 2018 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, बेटी पांच साल की है और बेटा दो साल का है। बेटा अभी अपनी नानी के घर पर है। पढ़िए सुसाइड नोट में क्या लिखा
थाना प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने हमें पॉलीथिन में रखा एक कागज दिया। बताया कि यह उसकी छत पर पड़ा था। खोलकर देखा तो वह टीचर का सुसाइड नोट था। उसमें लिखा था- मैं अपनी पत्नी सरिता से परेशान हूं। उसका एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसे कई बार मना किया, लेकिन वह बात करना बंद नहीं कर रही थी। जब भी मैं उसे लड़के से बात करने से मना करता हूं, तो लड़ने लगती है। आए दिन घर में झगड़ा होता है। इससे मैं बहुत परेशान हूं। सरिता मेरे साथ कोई घटना करा सकती है। सुसाइड नोट में एक मोबाइल की चिप है। इस चिप के अंदर कुछ वीडियो और चैटिंग के स्क्रीन शॉट हैं। एसपी सिटी डॉ. अरविंद ने बताया, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण यह घटना हुई। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि पहले पति ने पत्नी की हत्या की। इसके बाद फंदा लगाकर जान दी। महिला के गले पर भी रस्सी के निशान मिले हैं।
………………………………………… ये खबर भी पढ़ें…. लोहे की जगह बांस-बल्ली लगाई, भरभराकर गिरा वेटिंग हॉल: कन्नौज स्टेशन हादसे की 4 टीमें कर रहीं जांच कन्नौज में 11 जनवरी को रेलवे स्टेशन पर बन रहे दो मंजिला वेटिंग हॉल का लिंटर गया। 25 मजदूर मलबे में दब गए। 16 घंटे रेस्क्यू के बाद सभी को निकालकर जिला अस्पताल लाया गया। यहां से 10 गंभीर घायलों को हायर सेंटर तिर्वा रेफर कर दिया गया। एक्सईएन की शिकायत पर इंजीनियर और ठेकेदार पर FIR दर्ज की गई। जांच के लिए 4 उच्चस्तरीय टीमें बनाई गई हैं। यह बिल्डिंग अमृत भारत योजना के तहत बन रही थी। (पूरी खबर पढ़िए)


