मेले में बच्ची के सामने माता-पिता से मारपीट:रोती रही मासूम, कोई बचाने नहीं आया; लोग बोले- मेले में आए दिन छेड़छाड़-मारपीट होती है

मुरैना के पशुपतिनाथ महादेव मेले में लगातार छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार शाम को कुछ लोगों ने दंपती से मारपीट कर दी। बच्ची माता-पिता को पिटता देख रोती रही। जनवरी में पशुपतिनाथ मेले मारपीट की ये तीसरी घटना है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दंपती बच्ची के साथ मेला घूमने पहुंचे थे। तभी कुछ लोगों ने युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसे बचाने पहुंची उसकी पत्नी को भी थप्पड़ मारे। उनकी बच्ची रोती रही, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। मारपीट का वीडियो शनिवार को सामने आया है। टीआई कोतवाली अमित भदौरिया ने बताया, घटनाक्रम को ट्रेस करने के लिए शिकायतकर्ता जरूरी है। जब तक कोई फरियादी नहीं आएगा पुलिस को घटनाक्रम का पता कैसे चलेगा। मेले में पुलिस गश्त भी बढ़ाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले में छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन की यहां कोई मौजूदगी नहीं रहती है। मेले में युवक पर अचानक हमला
जो वीडियो सामने आया है, उसमें नजर आ रहा है कि दंपती बेटी के साथ मेले में घूम रहे हैं। तभी कुछ वहां पहुंचकर युवक से मारपीट शुरू कर देते हैं। युवक खुद को बचाते हुए “नंदनी-नंदनी” कहकर चिल्लाता है। आवाज सुनकर उसकी पत्नी नंदनी उसे बचाने के लिए उससे लिपट जाती है। ये देख आरोपी नंदिनी को भी थप्पड़ मारने लगते है। माता-पिता को संघर्ष करता देख बच्ची रोने लगती है। लेकिन कोई मदद नहीं करता। पहले भी हो चुकी छेड़छाड़-मारपीट
6 जनवरी को पांच युवतियां मेला घूमने पहुंची थीं। आरोप है कि वहां मौजूद एक मनचले ने उनके साथ लगातार छेड़छाड़ की। परेशान होकर युवतियों ने विरोध किया। इसके बाद मनचले की पिटाई कर दी। 8 जनवरी को दो छात्र मेला देखने गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *