भीलवाड़ा की विकास यात्रा भीलवाड़ा | मेवाड़ के अंतिम महाराणा भूप सिंह (1930-1948) ने नगर के विकास के लिए कई कदम उठाए। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय वर्ष 1938 में भीलवाड़ा को नगर पालिका का दर्जा देना था। इस निर्णय ने प्रशासनिक सुधार और नागरिक सुविधाओं की दिशा में नगर को आगे बढ़ाया। उसी समय, प्रथम विश्व युद्ध के दौरान अभ्रक की बढ़ती मांग को देखते हुए नगर में नवीन खानों का विकास किया गया। बंगाल और बिहार के खनन विशेषज्ञों को आमंत्रित कर अभ्रक खनन को बढ़ावा दिया गया, जिससे भीलवाड़ा का नाम भारत और विश्व स्तर पर प्रसिद्ध हुआ। कृषि के क्षेत्र में भी कपास प्रमुख फसल रही। महाराणा भूप सिंह के प्रोत्साहन से मेवाड़ की पहली कपड़ा मिल मेवाड़ मिल के नाम से भीलवाड़ा में स्थापित हुई। यह मिल शहर के पश्चिम में रेलवे पटरी के पार बनाई गई। स्वचालित मशीनों के साथ शुरू की गई। प्रारंभ में 7812 करघों के साथ मिल ने स्थानीय कपास से धागा और सूती कपड़ा तैयार किया। 1500-2000 मजदूरों को रोजगार मिला। वर्ष 1965 तक करघों की संख्या बढ़कर 15,000 हो गई। 1961 में मिल को सरकारी नियंत्रण में लिया गया और इसके उत्पादन में सुधार के लिए नए प्रयोग किए गए। मिल में होजरी वस्त्रों का उत्पादन शुरू हुआ और यह देशभर में “मेटेक्स” नाम से प्रसिद्ध हुआ। 1965 में दैनिक उत्पादन 150 दर्जन बनियानों तक पहुंच गया। मिल की स्थापना ने भीलवाड़ा को कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में अहम केंद्र के रूप में स्थापित किया और नगर की परंपरागत संरचना में परिवर्तन लाया। 1950 के दशक में शहर में एमएलवी कॉलेज, महात्मा गांधी अस्पताल, राजेंद्र मार्ग स्कूल की स्थापना ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी विकास को गति दी। इसके बाद 1960 में “राजस्थान स्पिनिंग एंड विविंग मिल्स लिमिटेड” की स्थापना हुई। इस प्रकार, भीलवाड़ा नगर ने अपनी स्थापना से लेकर औद्योगिक युग तक का सफर संघर्ष, पुनर्निर्माण, व्यापारिक और औद्योगिक विकास की यात्रा के माध्यम से तय किया। आज भीलवाड़ा वस्त्र नगरी और औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है, जिसकी नींव महाराणा भूप सिंह के प्रशासनिक सुधार और वस्त्र उद्योग की स्थापना से रखी गई थी। मेवाड़ मिल से शुरू हुई औद्योगिकरण की शुरुआत सत्यनारायण व्यास (मधुप),


