मैनपाट में भाजपा का तीन दिवसीय चिंतन शिविर 7 से:जेपी नड्डा व अमित शाह आएंगे, सभी मंत्री, विधायक व सांसदों का होगा प्रशिक्षण

भाजपा छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय चिंतन शिविर मैनपाट में 7 से 9 जुलाई तक आयोजित होगा। तीन दिवसीय चिंतन शिविर के शुभारंभ अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाग लेंगे। इस शिविर में छत्तीसगढ़ के सभी भाजपा सांसद, मुख्यमंत्री, मंत्री व सभी विधायक शामिल होंगे। तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री विजय प्रकाश सहित क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन एवं भाजपा तथा आरएसएस के वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे। तीन दिवसीय चिंतन शिविर में कई सत्र आयोजित होंगे। शिविर के दौरान तीन दिनों तक मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री व विधायक मैनपाट में ही रूकेंगे। सभी होटल, रिसॉर्ट बुक
इस बड़े आयोजन को लेकर तैयारी जोरों पर है। मैनपाट के शैला रिसॉर्ट में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों व विधायकों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। देव हेरिटेज रिसॉर्ट में प्रदेश के सभी सांसद ठहरेंगे। इसके अलावे करमा रिसॉर्ट सहित अन्य होटलों में प्रमुख लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। भाजपा के साथ प्रशासन भी जुटा तैयारियों में
भाजपा के चिंतन शिविर को लेकर शुक्रवार शाम सीतापुर विधायक के साथ ही सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर, एसपी राजेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्था का जायजा लिया। तीन दिनों के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री, विधायकों सहित संगठन के प्रमुख लोग मैनपाट पहुंचेंगे तो उनके साथ जुड़े अन्य लोग भी बड़ी संख्या में मैनपाट आएंगे। इसे देखते हुए व्यापक तैयारी की जा रही है। मंत्री, सांसदों, विधायकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
भाजपा ने सभी शासित प्रदेशों में इस तरह के चिंतन शिविर की शुरुआत की है। मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में चिंतन शिविर आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण शिविर में सिर्फ सांसद, मंत्री एवं विधायक शामिल होंगे। संगठन से जुड़े लोगों को व्यवस्था की जवाबदेही दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *