मैनेजर के साले ने पुलिस से छिपाकर दी थी फिरौती:मुरादाबाद में रुपए लेने के बाद किडनैपर भागे तो STF को किया फोन

यूपी एसटीएफ ने मुरादाबाद में एनकाउंटर के बाद हाथरस से अगवा किए गए JIO फाइबर कंपनी के मैनेजर अभिनव भारद्वाज को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद अभिनव घर आ गए। इधर पुलिस ने एनकाउंटर में घायल गोलू ठाकुर उर्फ यश गुप्ता मुरादाबाद जेल भेज दिया गया है। जबकि विशाल को मुरादाबाद से मेरठ फिर यहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। विशाल के गर्दन में अभी भी गोली फंसी हुई है।अभिनव के किडनैप करने की प्लानिंग कब बनी, इसे अंजाम कैसे दिया गया, किडनैपर्स उत्तराखंड से मुरादाबाद क्यों आए? इन सभी सवालों का जवाब पाने के लिए दैनिक भास्कर के रिपोर्टर ने STF से बात की। पढ़िए अभिनव के किडनैप होने से लेकर बचने तक 60 घंटे सिलसिलेवार घटनाक्रम… पहले जानिए पूरा घटनाक्रम
हाथरस के नवल नगर कॉलोनी निवासी अभिनव भारद्वाज जियो फाइबर में मैनेजर हैं। वह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के रहने वाले हैं। पिछले 2 साल से शहर में वरिष्ठ अधिवक्ता राधामाधव शर्मा के मकान में रह रहे हैं। वह एक जनवरी को दोपहर सिकंद्राराऊ में अपने सहकर्मियों के साथ एक होटल में पार्टी में गए थे। रात तक घर नहीं लौटे। रात में अभिनव की पत्नी स्वीटी भारद्वाज के पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा-टिल्लू ताजपुरिया गैंग दिल्ली से बोल रहा हूं। मेरा नाम मोंटी दौसा है। तुम्हारे पति अभिनव भारद्वाज को किडनैप कर लिया गया है। 20 लाख रुपए का इंतजाम कर लो। नहीं तो लाश को पार्सल कर दे रहे हैं। फोन करने वाले ने कहा- 2 दिन का टाइम दे रहा हूं। इससे पत्नी घबरा गई। वीडियो कॉल पर आरोपियों ने परिजनों से तीन बार बात की।जियो फाइबर मैनेजर अभिनव को अगवा करने के बाद किडनैपर उत्तराखंड के अल्मोड़ा ले गए। किडनैप करने वालों ने कहा-20 लाख रुपए की फिरौती दो, तुम्हारे पति को छोड़ दूंगा। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 3 दिन गुजरने के बाद भी अभिनव की रिकवरी नहीं हुई तो परिवार ने किडनैपर्स से कहा कि वो रकम देने को तैयार हैं, जगह बताएं। मैनेजर का साला शुक्रवार की रात को कुछ अन्य लोगों के साथ फिरौती की रकम लेकर मुरादाबाद पहुंचा। यहां रोडवेज के पास उसने किडनैपर्स को 4.5 लाख रुपए दिए। फिरौती की रकम मिलते ही किडनैपर्स ने मैनेजर को लेकर कार दौड़ा दी। इस पर अभिनव के साले ने STF को कॉल की। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने किडनैपर्स को घेर लिया। मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में DM आवास के पास तड़के करीब 5 बजे बदमाशों से मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में अल्मोड़ा निवासी विशाल के गले में गोली लग गई। पुलिस ने मैनेजर को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया। पढ़िए किडनैपिंग की योजना कब और क्यों बनी
यूपी एसटीएफ के सोर्स का कहना है कि हाथरस के JIO फाइबर मैनेजर अभिनव भारद्वाज को अगवा करने की किडनैपर्स ने न तो प्लानिंग की थी और न ही रेकी। वो अभिनव के बारे में जानते भी नहीं थे। ये किडनैपिंग प्रीप्लांड नहीं बल्कि रैंडम थी। एक जनवरी को किडनैपर्स हाथरस में हतीशा निवासी अपने दोस्त अंशुल उर्फ गोलू पुत्र नेम सिंह का बर्थडे मनाने गए थे। किडनैपर्स की ये बर्थडे पार्टी सिकंद्राराऊ के उसी मिश्री होटल में चल रही थी, जिसमें JIO फाइबर के मैनेजर अभिनव भारद्वाज अपने दोस्तों के साथ नए साल की पार्टी करने पहुंचे थे। अंशुल उर्फ गोलू की बर्थडे पार्टी में गोलू ठाकुर उर्फ यश गुप्ता निवासी छितारी बुलंदशहर, गौरव और प्रशान्त शामिल हुए थे। पार्टी कर रहे जिओ फाइबर मैनेजर का किसी बात को लेकर उसके दोस्तों से झगड़ा हो गया। जिसके बाद उसके साथी उठकर चले गए। जिओ फाइबर मैनेजर अभिनव भारद्वाज की बगल की टेबल पर किडनैपर्स शराब पी रहे थे। नशे की हालत में किडनैपर्स अंशुल उर्फ गोलू, ​​​​​​गोलू ठाकुर उर्फ यश गुप्ता गौरव और प्रशान्त​ ने कमेंट्स किए। इस पर अभिनव ने उन्हें धमकाया। अभिनव ने अपना परिचय देते हुए कहा- तुम मुझे और मेरी हैसियत को जानते नहीं हो। मैं इस एरिया का JIO फाइबर कंपनी का मैनेजर हूं। जितनी तुम पी रहे हो, इतनी मैं पैमाने में छोड़ देता हूं। ये सुनते ही किडनैपर्स का माथा ठनका। बस इसी दौरान सभी ने आपस में डिस्कस कर अभिनव के किडनैपिंग की योजना बना डाली। उन्हें लगा था कि अभिनव बड़ा आदमी है, किडनैपिंग के बदले में बड़ी रकम मिलेगी। इसके बाद किडनैपर्स ने अभिनव भारद्वाज को सॉरी बोला। उसकी तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाकर अपने साथ टेबल बिठा लिया। जिद करके 2-3 पैग पिलवा दिए। अभिनव जब नशे में हो गए तो उसे बाहर लाकर अपनी कार में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। कार में भी किडनैपर्स ने अभिनव के साथ शराब पी। अभिनव के बेहोश होने के बाद उसका फोन ले लिया। दो घंटे बाद अभिनव को एहसास हुआ कि उसका अपहरण कर लिया गया है। किडनैपर्स ने अभिनव से उनकी पत्नी का नंबर मांगा। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और वीडियो कॉल करके 20 लाख रुपए की फिरौती की डिमांड की। सुरक्षित ठिकाने की तलाश में अल्मोड़ा पहुंचे किडनैपर्स STF को पूछताछ में किडनैपर्स ने बताया है कि अंशुल उर्फ गोलू, प्रशांत, गौरव, गोलू ठाकुर उर्फ यश गुप्ता और वीरेन्द्र आपस में दोस्त हैं। नैनीताल में घूमने के दौरान इन चारों की मुलाकात एक होटल में अल्मोड़ा के रहने वाले करन विष्ट हुई थी। इसके बाद इनके बीच दोस्ती हो गई। बाद में करन विष्ट ने इन सभी को अपने दोस्तों ​​सुजल, विशाल कुमार और विक्की से मिलवाया। ये सभी भी अल्मोड़ा के ही रहने वाले हैं। एक जनवरी को जब अंशुल उर्फ गोलू ने अपने साथियों के संग मिलकर जिओ फाइबर मैनेजर अभिनव भारद्वाज को हाथरस से अगवा किया तो उन्हें उसे रखने के लिए एक सुरक्षित ठिकाने की तलाश थी। आरोपी किडनैप किए गए मैनेजर को लेकर स्विफ्ट कार से सीधा अल्मोड़ा पहुंचे। करन विष्ट और सुजल के जरिए एक होटल में कमरा लेकर अभिनव को रखा गया। वहीं पर इनके साथी विशाल, विक्की और वीरेन्द्र भी आ गए थे। फिरौती की रकम सभी में बंटना तय हुआ। परिजन बोले-सबूत दो हमारा आदमी जिंदा है फिरौती की रकम को लेकर किडनैपर्स परिवार पर लगातार दबाव बना रहे थे। इस बीच हाथरस में मैनेजर की फैमिली इस घटना के बारे में पुलिस को बता चुकी थी। फिरौती के लिए किडनैपर्स की कॉल भी आ रही थीं। इसलिए यूपी STF भी इस ऑपरेशन में तुरंत शामिल हो गई। एसटीएफ के कहे अनुसार ही परिवार किडनैपर्स को यह कहकर बातों में उलझाए रहा कि अभी एकदम इतनी रकम कहां से लाएं। इंतजाम कर रहे हैं। रकम ज्यादा है, इसे कम करो। STF और पुलिस के कहने पर फैमिली ने किडनैपर्स से कहा था कि, हमें पहले इस बात का सबूत दो कि हमारा आदमी जिंदा है। इस पर किडनैपर्स ने वीडियो कॉल पर अभिनव की घर वालों से बात भी कराई थी। दरअसल एसटीएफ चाहती थी कि किडनैपर्स की कॉल ज्यादा से ज्यादा बार आए ताकि उनकी लोकेशन को ट्रेस करने में मदद मिल सके। STF से छुपाकर किडनैपर्स को डिलीवर की फिरौती की रकम
किडनैपर्स के मोबाइल नंबर हाथ आ जाने के बाद एसटीएफ उनकी खोज में लग गई। एसटीएफ की टीम अल्मोड़ा भी पहुंच गई थी। लेकिन उसके कुछ ही देर पहले किडनैपर्स मैनेजर को लेकर वहां से मुरादाबाद के लिए चल दिए। दरअसल गुजरते वक्त के साथ मैनेजर की फैमिली का सब्र जवाब दे रहा था। 3 दिन गुजरने के बाद भी अभिनव की रिकवरी नहीं हुई तो फैमिली पैसे देकर रिहाई कराने के विकल्प पर अपना मन बना चुकी थी। इसलिए परिवार ने किडनैपर्स से कहा कि वो रकम देने को तैयार हैं, जगह बताएं। फैमिली ने बाद में किडनैपर्स की कुछ व्हाट्सएप कॉल्स और वीडियो कॉल्स लिसनिंग पर हुई बात भी एसटीएफ से साझा नहीं की थी।
मैनेजर का साला शुक्रवार की रात को कुछ अन्य लोगों के साथ फिरौती की रकम लेकर मुरादाबाद पहुंचा था। यहां रोडवेज के पास उसने किडनैपर्स को 4.5 लाख रुपए दिए। लेकिन फिरौती की रकम लेने के बाद भी किडनैपर्स ने मैनेजर को नहीं छोड़ा। बल्कि फिरौती की रकम मिलते ही उन्होंने मैनेजर को लेकर कार दौड़ा दी थी। यूपी एसटीएफ को तब तक इस बात की भनक नहीं थी कि परिवार ने किडनैपर्स को फिरौती की रकम डिलीवर कर दी है। किडनैपर्स के भागने पर STF को दी सूचना
मुरादाबाद में फिरौती की रकम लेने के बाद भी किडनैपर्स के भाग जाने के बाद अभिनव के साले ने STF को कॉल की। एसटीएफ टीम तब तक किडनैपर्स को फालो करते हुए अल्मोड़ा से वापस मुरादाबाद पहुंच चुकी थी और कुछ ही फासले पर थी। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने किडनैपर्स को घेर लिया। किडनैपर्स दो गाड़ियों में थे। एसटीएफ से बचने को स्विफ्ट कार में सवार किडनैपर्स ने चलती कार से गोली चला दी। इसके बाद जब STF ने गोली चलाई तो वो स्विफ्ट के पिछले शीशे को छलनी करते हएु हेड रेस्टर को चीरकर किडनैपर विशाल की गर्दन में जाकर लगी। अगवा किए गए अभिनव इस कार में नहीं थे। किडनैपर्स के साथी उन्हें दूसरी कार में लिए हुए थे। गोली लगने के बाद कार छोड़कर पैदल भागा
STF सोर्स ने बताया कि मुरादाबाद में ये एनकाउंटर शनिवार को तड़के करीब 5 बजे DM और SSP के बंगले के बीच में हुआ था। गोली लगने के बाद विशाल कार से उतरकर आवास विकास कालोनी में पैदल ही भागा था। उसने कोशिश की थी कि किसी घर में छुपकर वो एसटीएफ से अपनी जान बचा लेगा। लेकिन सुबह के 5 बज चुके थे। कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर भी निकले थे। उन्होंने विशाल की घरों की दीवार फांदते देखा तो चोर-चोर करके शोर मचा दिया। तभी एसटीएफ ने विशाल और उसके 2 साथियों करन विष्ट और सुजल को धर दबोचा था। किडनैपर्स का चौथा साथी गोलू ठाकुर उर्फ यश गुप्ता शनिवार को ही शाम करीब 5 बजे मुरादाबाद में ही मुठभेड़ में गोली लगने से जख्मी हुआ था। ——————- ये खबर भी पढ़िए- किडनैपर की गर्दन में गोली मारकर Jio मैनेजर को छुड़ाया: हाथरस से किया था किडनैप; पत्नी को धमकाया- 20 लाख नहीं दिए तो लाश भेज दूंगा हाथरस से किडनैप हुए जियो फाइबर के मैनेजर को STF ने मुरादाबाद में एनकाउंटर के बाद छुड़ा लिया। शनिवार तड़के 5 बजे DM आवास के पास STF ने कार सवार बदमाशों को घेरा। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगे। मुठभेड़ में एक बदमाश के गले में गोली लग गई। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 2 बदमाश भाग गए। पुलिस ने थोड़ी देर बाद दूसरे एनकाउंटर में अन्य 2 बदमाशों को भी पैर में गोली मारकर पकड़ा। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *