मैनेजर बोला-TI और नेताओं ने 5 से 7 लाख लिए:प्लांट के लिए बिना अनुमति बिछाई पाइपलाइन, भाजपा नेत्री बोली-मर्डर करवाने की धमकी दे रहे

राजनांदगांव जिले में फुलझर के न्यू लुक बायो फ्यूल्स प्लांट को पाइपलाइन बिछाने किसी तरह की अनुमति नहीं दी गई है। बगैर परमिशन ही कंपनी के कर्मचारी इंदावानी जलाशय से पाइप-लाइन बिछा रहे थे। इसमें सोमनी के तत्कालीन टीआई सत्यनारायण देवांगन से लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू और कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख की भी भूमिका सामने आ रही है। यह यह खुलासा कंपनी के मैनेजर प्रदीप मिश्रा के वायरल ऑडियो से हुआ है। वायरल ऑडियो में मैनेजर प्रदीप मिश्रा क्षेत्र की ही भाजपा नेत्री कनक दुबे (महिला मोर्चा महामंत्री) से बातचीत कर रहे हैं। जिसमें उन्होंने बताया है कि कंपनी को पाइप लाइन के लिए कोई परमिशन नहीं मिली है। वायरल ऑडियो में प्लांट का मैनेजर कह रहा है कि मामला दबाने टीआई और नेताओं ने 5 से 7 लाख लिए हैं। वहीं ऑडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेत्री ने कहा उन्हें जाने से मारने की धमकी मिल रही है। आईजी ने मामले के जांच के आदेश दिए हैं। ‘ग्रामीणों के विरोध को दबाने सोमनी टीआई मदद कर रहे’ ग्रामीणों के विरोध को दबाने सोमनी टीआई मदद कर रहे हैं। उनके सहयोग से ही रात में पाइप लाइन बिछाने का काम हुआ है। वायरल ऑडियो में टेड़ेसरा सरपंच और मंडल भाजपा अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, व जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख का भी जिक्र मैनेजर मिश्रा कर रहे हैं। वायरल ऑडियो में मिश्रा कह रहे कि सभी की व्यवस्था कर दी गई है। सभी ने 5 से 7 लाख रुपए लिए हैं। जिसके बाद जनप्रतिनिधि घूमने बाहर चले गए हैं, ताकि ग्राम सभा न हो। ऑडियो में कोपेडीह सरपंच को भी 1 लाख रुपए देने की बात मैनेजर मिश्रा कर रहे हैं। पुलिस इसकी जांच में जुटी है। टीआई ने भी लिया, बैठक कर सभी को रास्ता बताया वायरल ऑडियो में मैनेजर मिश्रा कह रहे हैं कि बगैर परमिशन काम करने का पूरा रास्ता सोमनी टीआई ने बताया है। उन्होंने भी 5 से 7 लाख लिया है। सभी कंपनी के कार्यालय आए थे। तब टेडेसरा सरपंच खिलेश्वर साहू और जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख भी मौजूद थे। सभी को रुपए दे दिया गया है। इसके बाद रात में पाइप लाइन के लिए खुदाई शुरू की गई है। अभी भी अलग-अलग हिस्से में पाइप लाइन की खुदाई रात में चल रही है, ताकि विरोध करने ग्रामीण न पहुंचें और काम आसानी से यहां पर चलता रहे। हालांकि ग्रामीण इसका लगातार विरोध कर रहे हैं। मुद्दा बनाकर विरोध करने कह रहे मैनेजर न्यू लुक बायो फ्यूल्स कंपनी के मैनेजर प्रदीप मिश्रा एक ओर सभी को रुपए देने की बात स्वीकार रहे। वहीं भाजपा नेत्री कनक दुबे को विरोध भी करने की सलाह दे रहे हैं। वायरल ऑडियो में मिश्रा कह रहे कि ये नेता क्षेत्र को बर्बाद कर देंगे। ग्रामीणों का विरोध दबाने खुद रकम लेकर चुप हो गए। आप इस मुद्दे में राजनीति कीजिए। मुद्दा बनाकर विरोध दर्ज किजिए। पाइप लाइन के लिए रात में खुदाई हो रही है, ग्रामीणों को लेकर स्पॉट में पहुंचे और काम रुकवाए। इस पर भाजपा नेत्री दुबे खुद को बाहर होने की जानकारी दे रही हैं। वायरल ऑडियो में घिरे सोमनी टीआई सत्यनारायण देवांगन पहले ही सस्पेंड हैं। उन्हें मोहड़ गोलीकांड के बाद वायरल हुए एक ऑडियो के बाद सस्पेंड किया गया है। जिसमें वे आरोपी अभिनव तिवारी उर्फ चीनू महाराज को बचाने के लिए पूरा प्रयास करने और रेत खनन के लिए योजना बनाने की बातचीत कर रहे हैं। इसके बाद टीआई देवांगन का नाम पाइप लाइन मामले में भी शामिल हो गया है। इधर रिश्वत का आरोप भाजपा के मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू और कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख पर भी लगा है। लेकिन इन्हें लेकर भाजपा और कांग्रेस संगठन ने कार्रवाई तय नहीं की है। मेरा नाम अनावश्यक लाया जा रहा- देशमुख मामले में जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख का कहना है कि हम लोगों ने ही शुरुआती दौर में इसका विरोध किया। प्लांट के लिए बिछ रही पाइप लाइन को लेकर अब तक विभागीय सख्ती भी सामने नहीं आई है। लोक निर्माण विभाग से बगैर परमिशन लिए ही पाइप लाइन के लिए लगातार खुदाई की जा रही है। लेकिन विभाग ने अब तक खुदाई बंद कराने कोई कार्रवाई नहीं की है। जान से मारने की दे रहे धमकी- कनक दुबे वहीं भाजपा नेत्री कनक दुबे ने कहा ऑडियो वायरल होने के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। दोनों पार्टी के नेताओं की ओर से प्रताड़ित किया जा रहा है। मेरे बारे में गलत जानकारी फैलाई जा रही है, कि मैंने पैसे लिए हैं। इंदावानी जलाशय से प्लांट में पानी लाने किसी प्रकार की NOC नहीं ली गई है। यदि मैं गलत हूं तो मुझ पर कार्रवाई हो। तथ्य सही मिले तो टीआई पर कार्रवाई होगी आईजी राजनांदगांव रेंज,अभिषेक शांडिल्य ने कहा- वायरल ऑडियो में तत्कालीन थाना प्रभारी के संलिप्तता का मामला संज्ञान में आया है। जिसे लेकर एसपी को निर्देशित किया गया है। एएसपी लेवल के अफसर से मामले की जांच कराई जाएगी। तथ्य सही पाए गए तो कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *