मैरिज ब्यूरो पर ठगी का आरोप:रिश्ता दिलाने के नाम पर 17 हजार लिए, आठ महीने बाद न रिश्ता मिला न पैसे लौटे

माधवनगर थाना क्षेत्र के फ्रीगंज में चल रहे एक मैरिज ब्यूरो पर युवक से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ब्यूरो संचालकों ने शादी के लिए अच्छा रिश्ता दिलाने के नाम पर युवक से 17 हजार रुपए लिए, लेकिन न तो कोई रिश्ता दिखाया और न ही पैसे वापस किए। खरगोन निवासी राजू वर्मा ने पुलिस को बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने फ्रीगंज की हारफूल वाली गली के पास स्थित ‘जीवन संगिनी सोशल वेलफेयर सोसाइटी’ नाम के मैरिज ब्यूरो में संपर्क किया था। यहां संचालक भरत खंडेलवाल और विजय खंडेलवाल ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अच्छा रिश्ता मिल जाएगा और इसके बदले उनसे 17 हजार रुपए ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई लड़की नहीं दिखाई गई, तो राजू ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। कई बार ब्यूरो के चक्कर लगाने के बावजूद संचालकों ने रकम लौटाने से मना कर दिया। परेशान होकर राजू ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद शनिवार को पुलिस ने मैरिज ब्यूरो पर दबिश दी। पुलिस भरत खंडेलवाल को थाने लेकर पहुंची, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मौके से ब्यूरो के रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। वहां काम कर रही युवतियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि भरत खंडेलवाल के खिलाफ पहले भी नानाखेड़ा थाने में धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *