मैहर में फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों ने वाहनों की रैली निकाली और सड़कों पर खतरनाक स्टंट किए। नाबालिग छात्रों ने लग्जरी कारों को चलाया, जबकि कुछ छात्र गाड़ियों के दरवाजों पर लटककर और छतों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आए। इस घटना से यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ और शहर में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। स्कूल फेयरवेल बना स्टंट शो यह घटना गुरुवार को सांदीपनी शासकीय विद्यालय में 11वीं के छात्रों की ओर से 12वीं के छात्रों को दी गई फेयरवेल पार्टी के बाद हुई। पार्टी के उपरांत कई छात्र कार, जीप और ट्रैक्टर में सवार होकर शहर में वाहन रैली के रूप में निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र चलती कारों की छतों से बाहर निकले हुए थे, जबकि अन्य तेज रफ्तार वाहनों के दरवाजों से लटककर स्टंट कर रहे थे। सड़क पर इस तरह का लापरवाह और खतरनाक व्यवहार न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन था, बल्कि इससे जानलेवा दुर्घटना भी हो सकती थी। बिना लाइसेंस कार चलाते दिखे नाबालिग छात्र रैली में शामिल कई वाहन नाबालिग छात्र चला रहे थे। बिना लाइसेंस और सुरक्षा नियमों का पालन किए वाहन चलाना कानूनन अपराध है। इसके बावजूद छात्रों में कानून या पुलिस कार्रवाई का कोई डर नहीं दिखा। पूरे घटनाक्रम को एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा का माहौल बन गया और लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इस मामले में संदीपनी स्कूल के प्राचार्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि वे प्रशासन की ओर से गठित एक जांच टीम में शामिल है, जिस कारण पिछले 3 दिनों से स्कूल नहीं जा पाए है। हालांकि वायरल वीडियो के संबंध में स्टाफ से जानकारी मिली है। स्कूल में फेयरवेल पार्टी होने के कारण दोनों कक्षाओं के छात्र स्कूल यूनिफार्म में नहीं थे। ऐसे में यह मुमकिन है कि पार्टी के बाद छात्र बाहरी दोस्तों के साथ चार पहिया वाहनों में बैठ घुम रहे हो।


