मैहर में गोली चलाने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार:खेत से हार्वेस्टर निकालने की बात पर हुआ था विवाद; हथियार बरामद

मैहर जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत ग्राम खरमसेड़ा में हार्वेस्टर मशीन को लेकर हुए विवाद में गोली चलाने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर की बंदूक भी बरामद कर ली है। यह घटना शुक्रवार रात को हुई थी। आरोपी ने पहले खेत पर फायरिंग की, जिसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके बाद वह फरियादी राजेंद्र कुमार पटेल के घर पहुंचा और दीवार, दरवाजे पर दो फायर किए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। विवाद की शुरुआत राजेंद्र कुमार पटेल और किशोरी लाल के खेतों से हार्वेस्टर मशीन ले जाने को लेकर हुई थी। लगभग आठ दिन पहले आरोपी पुष्पराज पटेल ने इन खेतों से हार्वेस्टर मशीन ली थी, जिस पर पहले भी कहासुनी हुई थी, लेकिन तब मामला शांत हो गया था। शुक्रवार रात को कहासुनी दोबारा बढ़ गई, जिसके बाद आरोपी पुष्पराज पटेल ने 315 बोर की बंदूक से फायर कर दिया। परिजनों द्वारा डायल-112 पर सूचना दिए जाने के बाद अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची। फरियादी राजेश कुमार पटेल (34) निवासी खरमसेड़ा ने अमरपाटन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पुष्पराज पटेल (45) के विरुद्ध अप.क्र. 703/25, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। थाना प्रभारी अमरपाटन निरीक्षक विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का हथियार भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह परस्ते, उप निरीक्षक केसरी प्रसाद वर्मा, उप निरीक्षक/सउनि हरीलाल वर्मा और प्रधान आरक्षक लक्ष्मी रावत की सराहनीय भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *