मैहर जिले में जमीन संबंधी विवाद निपटारे की मुहिम फैसला ऑन द स्पॉट सोमवार से शुरू हो गया है। कलेक्टर और एसपी के साझा प्रयास के तहत जनपद पंचायतों की क्लस्टर पंचायतों में ये विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिनमें राजस्व और पुलिस अधिकारियों के समन्वय से मौके पर ही जमीनी विवाद का समाधान किया जा रहा है। ये विवाद निपटाए गए सोमवार को बदेरा, परसिया और गोरसरी में शिविर लगाए गए। यहां पर ग्राम जोबा निवासी श्यामाबाई के घर और बाड़ी में पड़ोसी कब्जा किए था। श्यामबाई महीनों से पुलिस और पटवारी के चक्कर लगा रही थी। सोमवार को जब पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंची तो पड़ोसी को श्यामाबाई के घर और बाड़ी के कब्जे से बेदखल किया तो उसके चेहरे पर खुशी झलकने लगी। इसी तरह आमातारा में स्कूल भवन निर्माण के लिए जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। रामनगर के गैलेहरी गांव में आम रास्ते का अतिक्रमण हटाया गया। इसके अलावा जमीन संबंधित लगभग 37 प्रकरण मौके पर सुलझाए गए। यहां इस दिन लगेंगे शिविर जमीनी विवादों के मौके पर निराकरण के लिए 30 दिसंबर को तिलौरा, भदवा और खारा में शिविर लगाए जाएंगे। इसी तरह 6 जनवरी को कुसेड़ी, चोरबरी और गोविंदपुर में, 13 जनवरी को नादन, वीरदत्त और करहिया में एवं 20 जनवरी को अमदरा, धौरहरा और मर्यादपुर में शिविर आयोजित होंगे।


